बहराइच में फिर बदला मौसम, रात में हुई भारी वर्षा, दिन में निकली चटक धूप
कतर्नियाघाट में जलभराव और कीचड़ से पर्यटकों को हो रही परेशानी
बहराइच, अमृत विचार। तराई में मौसम का मिजाज पल पल बदल रहा है। रात में भारी वर्षा के बाद गुरुवार सुबह निकली चटक धूप से मौसम खुशनुमा दिखा। गणतंत्र दिवस का अवकाश होने के चलते भारी संख्या में पर्यटक कतर्नियाघाट पहुंचे लेकिन वर्षा के कारण जंगल के रास्तों पर जलभराव व कीचड़ से पर्यटकों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ी।
तराई में मौसम निरंतर करवट ले रहा है। बुधवार को पूरे दिन बूंदाबांदी के बाद रात में बादल जमकर बरसे। रात 2:00 बजे तक झमाझम बरसात हुई। गुरुवार सुबह मौसम साफ हो गया चटक धूप निकली। लेकिन रात में भी वर्षा के चलते जिले में जगह-जगह जलभराव और कीचड़ की स्थिति बन गई। सबसे अधिक समस्या जंगल क्षेत्र में हुई गणतंत्र दिवस का दिन और मौसम साफ होने के कारण गुरुवार को काफी संख्या में पर्यटक कतर्नियाघाट पहुंच गए। लेकिन रात में हुई भारी वर्षा के चलते जंगल के रास्तों पर जलभराव और कीचड़ से पर्यटकों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ी।
पर्यटकों की जंगल के अंदर प्रवेश कर टहलने की हसरत जहां अधूरी धरी रह गई वहीं कीचड़ के चलते जंगल के रास्तों पर पर्यटकों के बाहर जहां-तहां फंसे नजर आए। जंगल के कच्चे रास्ते पर्यटकों के लिए मुसीबत बनते रहे। मार्गों की समस्या व जलभराव के बावजूद पर्यटकों के उत्साह में कमी नहीं दिखी सभी जंगल घूमने के उत्साह से लबरेज रहे।
ये भी पढ़ें -अमृत विचार लखनऊ कार्यालय में फहराया गया तिरंगा, 74वें गणतंत्र दिवस की दीं शुभकामनाएं
