Banda में दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल बोलीं- बुंदेलखंड का मोटा अनाज ही स्वास्थ्य के लिये लाभप्रद
बांदा पहुंचीं राज्यपाल आनंदी बेन पटेल।
बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल पहुंचीं। सवा दो घंटे के कार्यक्रम के बाद वह हेलीकॉप्टर द्वारा राजभवन लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगी।
बांदा, अमृत विचार। रासायनिक खाद से तैयार होने वाली फसलें सेहत खराब कर रही हैं। पूरी दुनिया ने इस बात को मान लिया है कि मोटा अनाज ही स्वास्थ्य के लिये लाभप्रद है। इसके लिये पूरी दुनिया भारत की ओर टकटकी लगाये हुए है और भारत आशा भरी निगाहों से बुंदेलखंड की ओर देख रहा है।
इसलिये आने वाला समय बुंदेलखंड का है, क्योंकि यहां की भूमि और जलवायु मोटे अनाज की उपज के लिये सर्वाधिक उपयोगी है। यही वजह है कि इनकी मांग दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। यह उद्गार कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल ने कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के आठवें दीक्षांत समारोह में शिरकत करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने विश्वविद्यालय के 206 मेधावियों को पदक के साथ डिग्रियां और उपाधियां सौंपी।
कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के आठवें दीक्षांत समारोह में सुबह 11 बजकर 25 मिनट में विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में पहुंची। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्र गान से हुई। कुलाधिपति ने कृषि परास्नातक में पवन कुमार को स्वर्ण , गिरजेश को रजत , शैलजा को कांस्य पदक सौंपा। उद्यान परास्नातक में स्वर्ण , प्रियंका को रजत , रूद्रप्रताप मिश्र को कांस्य पदक दिया।
कृषि स्नातक में स्वर्ण सांभवी और अभिषेक को शिखा साहू को रजत , प्रशांत को कांस्य पदक वहीं वानिकी में पायल को स्वर्ण ,अनिरुद्ध को रजत , अनुग्रह मिश्र को कांस्य पदक वितरित किया। उन्होंने उच्च प्राथमिक विद्यालय के बच्चों और आगनवाड़ी कार्यकत्रियों को उपहार देकर सम्मानित किया।
दीक्षान्त समारोह के मुख्य अतिथि डॉक्टर त्रिलोचन महापात्रा, पूर्व महानिदेशक, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद नई दिल्ली, विशिष्ट अतिथि बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय बांदा के प्रथम कुलपति प्रोफेसर डॉक्टर मिल्खा सिंह औलख ने भी छात्र छात्राओं को संबोधित किया । विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.नरेंद्र प्रताप सिंह ने विश्वविद्यालय की प्रगति रिपोर्ट पेश की। कुलसचिव डा.एसके सिंह ने आये हुए अतिथियों का आभार व्यक्त किया।संचालन जनसंपर्क अधिकारी वीके गुप्ता ने किया। 1 बजकर 45 मिनट में राष्ट्रगान से कार्यक्रम का समापन हुआ।
