Kanpur News : 80 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा कन्वेंशन सेंटर अगस्त तक होगा तैयार, 300 लोग एक जगह बैठ सकेंगे
कानपुर में अगस्त तक कन्वेंशन सेंटर बनकर तैयार होगा।
कानपुर में 80 करोड़ रुपये की लागत से कन्वेंशन सेंटर बनकर अगस्त तक तैयार हो जाएगा। इसमें 300 लोग एक ही जगह बैठ सकेंगे। मंडलायुक्त और नगर आयुक्त ने निरीक्षण कर जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए।
कानपुर, अमृत विचार। शहर में खेल, कला, संस्कृति और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए सेंट्रल एक्टिविटी हब विकसित हो रहा है। इसके तहत चुन्नीगंज क्षेत्र में आधुनिक कन्वेंशन सेंटर तैयार किया जा रहा है। इस कंवेंशन सेंटर को अनुबंध के अनुसार दिसंबर 2023 तक बनाया जाना है। लेकिन अधिकारियों ने इस अगस्त से पहले ही पूरा करने के निर्देश दिए हैं। ताकि, 15 अगस्त को बहुप्रतिष्ठित योजना के द्वार लोगों के लिए खोले जा सकें।
शनिवार को मंडलायुक्त डॉ. राजशेखर, नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन के स्मार्ट सिटी के अधिकारियों के साथ चुन्नीगंज में चल रहे आधुनिक कन्वेंशन सेंटर का दौरा किया और कार्य प्रगति की समीक्षा की। एमएचपीएल के निदेशक प्रणीत अग्रवाल ने कार्यों के बारे में बताया। मंडलायुक्त ने पाया कि परियोजना की भौतिक प्रगति 60 प्रतिशत है। जिसे जल्द पूरा करने के लिए कार्यदायी संस्था द्वारा साइट पर 2 शिफ्टों में दिन रात काम चल रहा है।
मंडलायुक्त ने बताया कि ईपीसी मॉडल पर विकासकर्ता एमएचपीएल इंडिया ने इस प्रोजेक्ट के लिए थीम बेस्ड डिजाइन तैयार किया है। भवन में कमल के फूल की थीम होगी। आयुक्त ने बताया कि कीचड़ मिट्टी में जन्म लेने के बाद कमल सुंदर रूप में खिलता है और यह डिजाइन के लिए प्रेरणा का एक श्रोत है, जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इमारत को ख्याति दिलाने के लिए तैयार किया गया है।
मंडलायुक्त ने फेज 2 के कार्यों के लिए निविदा आमंत्रित करने को कहा, ताकि परियोजना के प्रथम चरण का कार्य पूर्ण होते ही द्वितीय चरण का कार्य भी शीघ्र आरम्भ कर सम्पूर्ण परियोजना को 15 अगस्त, 2023 तक तैयार किया जा सके। कन्वेंशन सेंटर का संचालन और रखरखाव आपरेटर से किया जाना प्रस्तावित है। बेहतर रख रखाव और गुणवत्ता पूर्ण संचालन के लिए कन्वेंशन सेंटर को पीपीपी मॉडल पर संचालित किया जाएगा, जिसके लिए मंडलायुक्त ने नगर आयुक्त को आईआईएम, इन्दौर की टीम को कानपुर बुलाकर परियोजना के सफल संचालन हेतु आवश्यक कार्ययोजना तैयार कराने के निर्देश दिये।
परियोजना की लागत और सुविधा
कन्वेंशन सेंटर की लागत 80 करोड़ है। इसे दो चरणों में विकसित किया जा रहा है, इसके प्रथम चरण हेतु 67.41 करोड़ का कार्य बहुमंजिला भवन के निर्माण के लिए है जिसमें बैठने के लिए अत्याधुनिक सभागार है। 16 हजार वर्ग फुट प्रदर्शनी हॉल, 12 हजार वर्ग फुट प्रदर्शनी हॉल, तीन सौ लोगों के बैठने की क्षमता का सम्मेलन कक्ष, सौ लोगों की क्षमता के तीन बैठक कक्ष, 6 अतिथि कमरे, 2 सुइट अतिथि कमरे, आठ हजार वर्ग फुट फूड कोर्ट, 68 वाहनों की कवर्ड पार्किंग, 8 व्यावसायिक दुकानें, व्यापार केंद्र, रेस्टोरेंट आदि बनेगा।
भवन की मुख्य विशेषताएं
- ग्रीन बिल्डिंग के रूप में डिजाइन किया जाना है।
- सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट को भवन में शामिल किया गया है।
- छत पर लगे सोलर पैनल के साथ पूरा भवन एनर्जी एफिशिएंट होगा।
- आठ लिफ्ट और चार एस्केलेटर होंगे।
- कन्वेंशन सेंटर के चारो ओर बनेगी स्मार्ट रोड
