मुझे नहीं पता था कि आप ऐसे निकलोगे...! मंगेतर से चैटिंग के बाद युवती ने फंदा लगाकर दी जान, जानें क्या है पूरा मामला
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां के एक गांव में एक युवती ने दो दिन पहले शनिवार को दोपहर में मंगेतर से व्हाट्सएप पर चैटिंग के बाद कमरे में कुंडी से फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही युवती के मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि युवती की शादी नौ फरवरी को तय थी।
जानकारी के मुताबिक, गुलरिहा थाना क्षेत्र के ग्राम जंगल डुमरी नंबर दो के बंगला टोला निवासी श्रीकांत यादव, परिजनों के साथ गुजरात के बड़ोदरा में रहते हैं। वह वहां पर ठेकेदारी करते हैं। बेटी बिंदिया (23) की शादी एक वर्ष पूर्व गीडा थाना क्षेत्र के बोक्टा निवासी संतराम यादव के पुत्र चंद्रजीत के साथ तय की थी। नौ फरवरी को शादी होनी थी।
शादी की तैयारी के लिए श्रीकांत, परिवार के साथ गुजरात से 18 जनवरी को घर आए थे। शनिवार को श्रीकांत अपने परिजनों के साथ कपड़े की खरीदारी करने गए थे, जबकि बेटा शादी का कार्ड बांटने। युवती की मां गांव में दूसरे मकान पर शादी की तैयारी में व्यस्त थीं। इसी दौरान युवती, कमरे का दरवाजा बंदकर छत की कुंडी में दुपट्टा से गले में फंदा लगाकर झूल गई।
4.jpg)
दोपहर साढ़े तीन बजे परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो आनन-फानन उसे नीचे उतार कर भटहट सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। गुलरिहा थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। लड़के का मोबाइल फोन स्वीच ऑफ है।
‘मुझे नहीं पता था कि आप ऐसे निकलोगे’
बताया जा रहा है कि दोपहर में युवती का मंगेतर उसके व्हाट्सएप पर चैटिंग के जरिये बात कर रहा था। इस दौरान कई बार कॉल भी किया। चैटिंग में युवती ने लिखा है कि ‘मुझे नहीं पता था कि आप ऐसे निकलोगे, भगवान करें आपको मुझसे अच्छी मिले, आप ने सिर्फ टाइम पास किया मेरे साथ, बस आप को मुझसे प्यार ही नहीं था कभी।
दूसरी चैट में युवती ने लिखा, ‘मैं अब उस घर में कैसे आऊंगी, कैसे रहूंगी, अब मैं नहीं रह पाऊंगी उस घर में, आप को कोई फर्क नहीं पड़ता हमारी शादी हो या न हो तो मैं अकेले नहीं रह पाऊंगी अब।’
अंतिम चैट उसने लिखा है कि ‘बहुत गलत किया आपने।’ दूसरी तरफ युवती के परिजनों का कहना है कि मंगेतर की ओर से भेजे गए संदेश को उसने डिलीट कर दिया था। बताया जा रहा है कि शादी तय होने के बाद युवक और युवती हाल ही में मुंबई स्थित साईं बाबा मंदिर घूमने भी गए थे।
युवती के पिता ने दी तहरीर
बताया जा रहा है कि युवती के पिता श्रीकांत यादव ने मंगेतर के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर के मुताबिक, उन्होंने आरोप लगाया कि चैटिंग और कॉल के दौरान मंगेतर ने बेटी को इतना प्रताड़ित किया कि उसने आत्महत्या कर ली। मैंने तिलक में पांच लाख रुपये दिए थे। तीन लाख रुपये और बुलेट गाड़ी मांग रहे थे।
यह भी पढ़ें:-पीएफआई को अपडेट देने वाली आरोपी के खिलाफ जांच : मध्य प्रदेश के गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा
