ऋषिकेश: जोशीमठ पर बोले भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, माओवादी ताकतें खराब कर रहीं माहौल

Amrit Vichar Network
Published By Shobhit Singh
On

ऋषिकेश, अमृत विचार। जोशीमठ आपदा को लेकर सियासत लगातार जारी है। विपक्षी पार्टी के नेता लगातार सरकार को घेरते नजर आ रहे हैं तो वहीं, विपक्षियों को सरकार के प्रतिनिधि मकूल जबाव देते आ रहे है इसी पर आज भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भट्ट का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि जोशीमठ के मुद्दे को माओवादी ताकतें हवा देने का काम कर रही हैं।

सरकार जोशीमठ के मुद्दे को लेकर पूरी तरह से गंभीर है। आपदा प्रभावितों के विस्थापन तथा पुनर्वास को लेकर गंभीरता से प्रयास किए जा रहे हैं। मगर, विकास विरोधी सोच रखने वाले लोग स्थानीय नागरिकों को गुमराह कर जोशीमठ के पर्यटन तथा तथा तीर्थाटन को नुकसान पहुंचाने का काम कर रहे हैं।

वहीं, जोशीमठ बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक अतुल सती ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष भट्ट के बयान को जोशीमठ की जनता का अपमान बताया है। उन्‍होंने कहा है कि हम देश भक्त हैं। चीन की मदद तो भाजपा प्रदेशाध्यक्ष खुद ऐसा बयान देकर कर रहे हैं।

रायवाला में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति के प्रथम सत्र के पश्चात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भट्ट ने मीडिया के साथ बातचीत की। उन्होंने प्रथम सत्र में हुई चर्चा तथा आगामी कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रथम सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के मुताबिक उत्तराखंड को देश का आदर्श राज्य स्थापित करने की दिशा में किए जा रहे कार्यों को लेकर सरकार का आभार व्यक्त किया गया।

उन्होंने कहा कि माओवादी ताकतें उत्तराखंड के विकास को प्रभावित करने का काम कर रही हैं। उन्होंने चिंता जताई कि राज्य का प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस भी जोशीमठ आपदा में सरकार का सहयोग करने के बजाय इसे राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक मुद्दा बनाने का काम कर रही है।

उन्होंने साफ कहा कि जोशीमठ में सरकार के खिलाफ हो रहे धरना प्रदर्शन के पीछे माओवादी ताकतों का हाथ है। जिनका उत्तराखंड से कोई लेना-देना नहीं है। यह लोग स्थानीय जनता को गुमराह कर, धार्मिक तथा सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जोशीमठ को नुकसान पहुंचाने का काम कर रहे हैं। इस तरह के दुष्प्रचार से प्रदेश का पर्यटन और तीर्थाटन प्रभावित होगा।

यह भी पढ़ें- Uttarakhand News: उत्तराखंड के कई इलाकों में हुई बर्फबारी, ठंड बढ़ी - Amrit Vichar

संबंधित समाचार