अयोध्या: अपर जिला जज ने किया जेल का निरीक्षण, नहीं मिली कोई शिकायत
जिला कारागार में निरुद्ध हैं 1372 बन्दी
अमृत विचार, अयोध्या। जनपद न्यायाधीश के निर्देशन में सोमवार को न्यायिक अधिकारियों ने जिला कारागार का निरीक्षण किया। इस दौरान जेल के अंदर किसी भी प्रकार की कोई शिकायत नहीं मिली। न्यायाधीशों ने महिला एवं पुरूष बैरकों का निरीक्षण करने के साथ जेल में निरुद्ध बंदियों से सम्बन्धित जानकारी भी हासिल की। इस दौरान जिला कारागार में कुल 1372 बन्दी निरूद्ध पाये गये।
शैलेंद्र सिंह यादव अपर जिला जज व सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के नेतृत्व में जिला कारागार में महिला एवं पुरूष बैरक का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अपर जिला जज ने जेल में निरूद्ध सभी बन्दियों के सम्बन्ध में विभिन्न बिन्दुओं पर जानकारी प्राप्त की। कारागार अयोध्या में साफ-सफाई अच्छी पायी गयी। जेल में निरूद्ध बन्दियों को विधिक जानकारी प्रदान की गई।
अपर जिला जज ने कहा कि यदि किसी बन्दी के पास अधिवक्ता की सुविधा उपलब्ध नहीं है तो उसे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से अपने मुकदमे की पैरवी के लिए नि:शुल्क अधिवक्ता की सुविधा प्रदान की जाएगी। जेल में लीगल एड क्लीनिक के माध्यम से कानूनी सहायता प्राप्त की जा सकती है। अधीक्षक जिला कारागार को निर्देशित किया गया कि सभी बन्दियों का वर्तमान डेटा जेल के पराविधिक स्वंयसेवक के माध्यम से कम्प्यूटर पर फीड कराया जाए। निरूद्ध सभी महिला बन्दी स्वस्थ्य पायी गयीं। कुछ महिला बन्दियों के साथ बच्चे भी रह रहे हैं। बच्चों व उनके स्वास्थ्य का विशेष देखभाल रखने व उन्हें पोषण युक्त भोजन दिये जाने के निर्देश दिये।
निरीक्षण के दौरान किसी बन्दी ने कोई भी शिकायत नहीं की।निरीक्षण के समय जेल अधीक्षक शशिकान्त मिश्र, जेलर गिरीश कुमार, उप कारापाल हेमराज सिंह, डा. डीएन द्विवेदी (फार्मासिस्ट), महिला अहाता प्रभारी, पुरूष हेड वार्डर एवं महिला बैरक प्रभारी व महिला बंदीरक्षक मौजूद रहीं।
ये भी पढ़ें - गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड स्नातक क्षेत्र चुनाव: अयोध्या में 40.76 प्रतिशत मतदान
