हल्द्वानी: रात में चौपाल लगाएंगे सीओ, सुनेंगे जनता की फरियाद
हल्द्वानी,अमृत विचार। पुलिस क्षेत्राधिकारी अब रात में भी चौपाल लगाकर जनता की समस्याएं सुनेंगे। आईजी डॉ.नीलेश आनंद भरणे ने सोमवार को निर्देश देते हुए नैनीताल और ऊधमसिंहनगर जिले के क्षेत्राधिकारी के कार्यों की समीक्षा की।
कैंप कार्यालय में आयोजित हुई समीक्षा बैठक में आईजी ने कहा जनहित में प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत यातायात चौपाल, रात्रि चौपाल, जनता चौपाल लगाकर जनता की समस्याओं का समाधान कराएंगे। इसके अलावा उन्होंने निर्देश कि वर्ष 2022 में लंबित समस्त एसआई अभियोग की समीक्षा करें। पार्ट पेंडिंग विवेचनाओं की संख्या पूछी और वर्ष में लंबित व निस्तारित विवेचना के बारे जाना।
इसके अलावा वांछित व इनामी अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई की समीक्षा, काफी अधिक संख्या में विवेचना अधीन रखे गए संदिग्ध अभियुक्तों को वांछित ना मानने के संबंध में समीक्षा, क्षेत्राधिकारियों द्वारा संपादित की जा रही विभागीय जांच व अन्य जांचों की समीक्षा, वर्ष 2022 में सर्किल क्षेत्र में घटित अपराधों के अनावरण गिरफ्तारी व बरामदगी की समीक्षा के साथ परफारमेंस अप्रेजल के अनुसार क्षेत्राधिकारियों के वर्ष 2022 के कार्यों की समीक्षा की।
इस दौरान नैनीताल जिले के क्षेत्राधिकारियों में बी एस धोनी, विभा दीक्षित, नितिन लोहानी, बीएस भाकुनी, अभिनव चौधरी और ऊधमसिंहनगर के क्षेत्राधिकारियों में चंद्रशेखर, अनुषा बडोला, वंदना वर्मा, बीएस भंडारी, तपेश चंद्र, वीर सिंह व ओम प्रकाश शर्मा मौजूद थे।
