हिमाचल के कई इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी, प्रशासन अलर्ट 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शिमला। हिमाचल प्रदेश में रक्षा भू-सूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान (डीजीआरई) ने राज्य के कई इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी दी है। जिला आपदा प्रबंधन को इसकी एडवायजरी जारी की गई है। इसके अलावा मैसेज भेजकर भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। डीजीआरई ने अटल टनल के साउथ और नॉर्थ पोर्टल, मढ़ी-रोहतांग और कोकसर क्षेत्र में हिमस्खलन गिरने की तृतीय श्रेणी की आशंका जताई है। लिहाजा, इन क्षेत्रों को हिमस्खलन के लिहाजा से असुरक्षित श्रेणी में रखा गया है। 

डीजीआरई की ओर से जारी की गई एडवायजरी के बाद प्रशासन अलर्ट हो गया है। प्रशासन ने पर्यटकों और आम जनता से इस ओर अनावश्यक यात्रा नहीं करने और सावधानी बरतने की अपील की है। डीजीआरई की ओर से जारी की गई एडवायजरी में हिमाचल के चंबा, कुल्लू और लाहौल-स्पीति में हिमस्खलन की आशंका जताई गई है।

मनाली-लेह मार्ग पर मढ़ी-रोहतांग-कोकसर-सिस्सू-तांदी, तांदी-केलांग-दारचा, अटल टनल रोहतांग नॉर्थ पोर्टल-सिस्सू-तांदी हिमस्खलन के लिहाज से असुरक्षित श्रेणी में रखे गए हैं। अटल टनल के साउथ पोर्टल, ब्यास कुंड क्षेत्र, उदयपुर-किलाड़-चंबा मार्ग पर तांदी-कीर्तिंग, थिरोट, कुकुमसेरी, फिंडरु, थमोह, किलाड़, किलाड़-गाहर दुनेई-पांगी आदि क्षेत्र भी असुरक्षित श्रेणी में रखे गए हैं। 

इसी की साथ ही लाहौल-कुल्लू के नेहरूकुंड-कुलंग-पलचान और कोठी, कोठी से रोहतांग दर्रा, पलचान से सोलंगनाला, सोलंगनाला से धुंधी तथा कुल्लू जिले खनाग-जलोड़ी पास क्षेत्र में भी हिमस्खलन होने की आशंका जताई गई है। मनाली के एसडीएम डॉ. सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि मनाली से आगे ऊंचाई वाले सभी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हो रही है। इससे हिमस्खलन की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि डीजीआरई की एडवायजरी के बाद अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने पर्यटकों और लोगों से आग्रह किया कि वे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न जाएं।

ये भी पढ़ें- दिल्ली हाई कोर्ट ने शादी की समान उम्र करने संबंधी याचिका उच्चतम न्यायालय को भेजी

संबंधित समाचार