Kanpur में अब फाल्ट, ब्रेकडाउन का अलार्म बजते ही टीम होगी मरम्मत को रवाना, KESCO में ADMS हो चुका तैयार
कानपुर केस्को में एडीएमएस तैयार हो चुका।
कानपुर में केस्को में एडीएमएस पूरी तरह तैयार हो चुका है। ट्रांसफार्मर स्तर पर ऊर्जा की मॉनीटरिंग अब संभव होगी। हर मिनट की बिजली की मांग का पता चलेगा। फाल्ट, ब्रेकडाउन का अलार्म बजते ही टीम मरम्मत को रवाना होगी।
कानपुर, अमृत विचार। केस्को में एडवांस इलेक्ट्रिक डिस्ट्रीब्यूशन मैनेजमेंट सिस्टम (एडीएमएस) पूरी तरह तैयार हो चुका है। विकास नगर के मकड़ीखेड़ा में इसको लगाया गया है। कमिश्नर डॉ.राजशेखर ने बीते सप्ताह यहां का निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए थे। जिस पर केस्को ने कार्य पूरा होने की रिपोर्ट तैयार कर भेज दी है। कमिश्नर की ओर से हरी झंडी मिलने पर ट्रायल शुरू कर दिया जाएगा। केस्को अधिकारियों का कहना है कि कार्य पूरा हो चुका है।
उत्तर प्रदेश का पहला एडवांस्ड इलेक्ट्रिक डिस्ट्रीब्यूशन मैनेजमेंट सिस्टम (एडीएमएस) का डॉ.राजशेखर ने गत 23 जनवरी को निरीक्षण कर 25 जनवरी तक रिपोर्ट दी जाए। जिससे इसको जल्द से जल्द शुरू किया जा सके। अधिशासी अभियंता मनीष गुप्ता,आईआईटी के प्रोफेसर मौजूद थे।
जरूरत के हिसाब से डीवीवीएनल से खरीदी जाएगी बिजली
केस्को दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डीवीएनएल) से बिजली खरीदता है। सटीक मांग की जानकारी ना होने की वजह से अनुमान के हिसाब से बिजली खरीदी जाती है। डीवीवीएनएल की दरें अलग-अलग समय के हिसाब से बढ़ती घटतीं हैं।
उपभोक्ता को मिलेगा फायदा
एडीएमएस को केस्को में प्रयोग के तौर पर लगाया है। जिससे यह पता चल सके कि प्रति मिनट किस हिसाब से मांग का उतार-चढ़ाव होता है। उसी हिसाब से बिजली की खरीद फरोख्त की जाएगी। पैसों की बचत होने पर उपभोक्ता के बिलिंग टैरिफ में भी बदलाव का प्रस्ताव सरकार के समक्ष रखा जाएगा।
वोल्टेज के उतार-चढ़ाव में आएगी कमी
एडीएमएस के शुरू होने से वोल्टेज में उतर चढ़ाव और रिर्वस पावर फ्लो का बेहतर प्रबंधन, आउटेजेज और फाल्टों का बेहतर प्रबंधन कर बिजली आपूर्ति में सुधार होगा, उपभोक्ताओं की ब्रेकडाउन और फाल्ट संबंधी शिकायतों का निस्तारण जल्द से जल्द होगा।
एडवांस्ड इलेक्ट्रिक डिस्ट्रीब्यूशन मैनेजमेंट सिस्टम (एडीएमएस) का कार्य पूरा हो चुका है। कमिश्नर डा.राजशेखर के कार्यालय को रिपोर्ट सौंप दी गई है।-
सर्वेश पांडे अधिशासी अभियंता (आईटी) केस्को
