Hardoi Breaking News: शुगर मिल में गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राली से कुचल कर किसान की मौत 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आधी रात को हुए हादसे से मची भगदड़, शुरू हुई जांच

हरदोई, अमृत विचार। डीएससीएल हरियावां शुगर मिल में गन्ने की तौल कराने के इंतज़ार में ट्रैक्टर के नीचे सो रहे किसान के ऊपर से गन्ने से लदा ट्रैक्टर-ट्राली निकल गई। बुधवार की आधी रात में हुए हादसे से मिल में भगदड़ मच गई। हादसे का शिकार हुए किसान को आनन-फानन में मेडिकल कालेज ले जाया जा रहा था। उसी बीच उसकी मौत हो गई। हादसे की जांच की जा रही है।

बताया गया है कि पिहानी कोतवाली के जरेली गांव निवासी 32 वर्षीय धर्मेन्द्र पुत्र रामदयाल बुधवार को किराए  की ट्रैक्टर-ट्राली पर अपना गन्ना लाद कर उसे बेचने के लिए डीएससीएल शुगर मिल हरियावां पहुंचा था। तौल कराने के लिए वहां लम्बी कतार लगी हुई थी। बताते हैं कि तौल कराने के इंतज़ार में धर्मेन्द्र ट्राली के नीचे सो गया। रात के लगभग एक बजे उसकी तौल का नंबर आ गया। जिस पर ड्राइवर ने ट्रैक्टर-ट्राली को जैसे ही आगे बढ़ाया,उसी बीच ट्राली का पहिया उसके नीचे सो रहे किसान धर्मेन्द्र के पेट के ऊपर से निकल गया।हादसा होता देख मिल में मौजूद लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। जिस पर ड्राइवर  ट्रैक्टर वहीं पर छोड़ कर भाग गया। 

शुगर मिल के गार्ड  और पुलिस ने आनन-फानन में हादसे की चपेट में आने वाले किसान धर्मेन्द्र को एम्बुलेंस-108 से मेडिकल कालेज के लिए भेजा, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। इसका पता होते ही किसान के घर वालों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को अपने कब्ज़े में लेते हुए उसका पोस्टमार्टम कराया है। हादसे की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें -Kanpur News: विधायक इरफान सोलंकी को हाईकोर्ट से राहत नहीं

संबंधित समाचार