अयोध्या: स्वच्छ भारत मिशन में रैंक पाने की कवायद में जुटा नगर निगम
6 से 10 फरवरी तक शहर के 100 स्कूलों में स्वच्छता पर होंगे विविध कार्यक्रम
अयोध्या, अमृत विचार। स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत रैंकिंग स्पर्धा में शामिल नगर निगम अयोध्या स्वच्छता को लेकर कई तरह की कवायद में जुटा है। एक तरफ जहां लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। वहीं छात्र-छात्राओं के जरिये भी घर-घर स्वच्छता का संदेश पहुंचाने के लिए विद्यालयों में विविध आयोजन करने की तैयारी है। स्वच्छता को लेकर ही ‘हमें दें कूड़ा खुले में न फेंके’ के नारे के साथ लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्कूलों में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त ने बताया कि आगामी छह से 10 फरवरी तक 100 स्कूलों में स्वच्छता को लेकर सुबह 9.30 बजे से जनजागरण के कार्यक्रम होंगे। छात्र-छात्राओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी। इसके साथ ही बच्चों को उनके मोबाइल पर स्वच्छता ऐप डाउनलोड कराया जाएगा। अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त व शशि भूषण राय ने नागरिकों से यह अपील की कि सभी लोग कूड़ा खुले स्थान या सड़क पर न फेंके। नगर को साफ-सुथरा रखने से न केवल स्वच्छता रहेगी बल्कि संक्रामक रोगों से भी बचाव होगा।
ये भी पढ़ें -Breaking News: राजपाल कश्यप बने सपा पिछड़ा वर्ग अध्यक्ष, व्यासजी और रीबू श्रीवास्तव को भी मिली बड़ी जिम्मेदारी
