रायबरेली: राजमार्ग के किनारे अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, प्रशासन ने हटाईं कई दुकानें
ऊंचाहार /रायबरेली,अमृत विचार। लखनऊ प्रयागराज राजमार्ग के किनारे फुटपाथ पर अवैध रूप से कब्जा करके दुकान चलाने वाले अतिक्रमणकारियों पर गुरुवार को बुलडोजर चला है। जिसमें सैकड़ों की संख्या में दुकानदार प्रभावित हुए हैं। अतिक्रमण के विरुद्ध चले अभियान के कारण राजमार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही।
ज्ञात हो कि लखनऊ प्रयागराज राजमार्ग पर दुकानदारों द्वारा कस्बा चौराहा से लेकर राजकीय महाविद्यालय तक बड़े पैमाने पर अतिक्रमण किया गया था। दुकानदार अपनी दुकानों के सामने तीन से या अन्य प्रकार से कब्जा करके पूरी फुटपाथ को अपने कब्जे में ले लिया था। इस बारे में कई बार नगर निकाय द्वारा अतिक्रमणकारियों को नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था। किंतु अतिक्रमणकारियों ने इस नोटिस को अनसुना कर दिया था और अतिक्रमण बरकरार था।
बृहस्पतिवार को एसडीएम आशीष कुमार मिश्र ,तहसीलदार अजय कुमार गुप्ता ने नगर पंचायत व पुलिस टीम के साथ बुलडोजर लेकर अतिक्रमण हटाना शुरू किया। मुख्य चौराहे के हनुमान मंदिर से लेकर राजकीय महाविद्यालय तक राष्ट्रीय मार्ग के दोनों और व्यवसायियों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। इस दौरान निर्देश के बावजूद भी सामान न हटाने वाले करीब आधा दर्जन दुकानदारों पर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी निखिलेश कुमार मिश्र द्वारा दो, दो हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग के मध्य से 15 मीटर छोड़कर दुकानें लगाने के निर्देश दिए गए है। इस मौके पर कोतवाल बालेन्दु गौतम, व्यापार मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र मौर्य, गिरजा शंकर साहू, नगर पंचायत के वरिष्ठ लिपिक विष्णु शंकर पांडेय समेत पूरा प्रशासन मौजूद रहा।
ये भी पढ़ें -रायबरेली: तालाब के किनारे मृत मिला सारस, एक गंभीर, जहर देकर मारने का आरोप
