अयोध्या: 13 लाख की लागत से बना सामुदायिक केंद्र बदहाल
सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए 2008 में हुआ था लोकार्पण
पूराबाजार/ अयोध्या, अमृत विचार। सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए क्षेत्र में बना सामुदायिक केंद्र का लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है।सामुदायिक केंद्र के बनने के कुछ महीनों बाद ही देखरेख के अभाव में उसकी हालत बदतर हो गई है। स्थिति यह है कि सामुदायिक केंद्र में लगे दरवाजे व खिड़कियां गायब हो चुकी हैं, जिसके कारण अब लोग इसका उपयोग नहीं कर पा रहे हैं।
मामला पूराबाजार क्षेत्र के ग्राम पंचायत जलालुद्दीन नगर में बने सामुदायिक केंद्र का है। स्थानीय निवासियों के अनुसार सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए क्षेत्र में बने इस सामुदायिक केंद्र का लोकार्पण 15 नवम्बर 2008 को वर्तमान सांसद व उस समय विधायक रहे लल्लू सिंह ने किया था। बताया जा रहा है कि लगभग 13 लाख रुपये की लागत से समाज कल्याण विभाग की ओर से बनवाये गए सामुदायिक केंद्र की स्थिति कुछ ही महीनों के बाद बदहाल हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि केंद्र पर शाम होते ही अराजकतत्वों का जमावड़ा शुरू हो जाता है। इस संबंध में ग्राम पंचायत सचिव अजय सिंह का कहना है कि ग्राम पंचायत की कार्ययोजना में लिया गया है, सामुदायिक केंद्र की मरम्मत करायी जाएगी। वहीं खंड विकास अधिकारी पूरा बाजार मनीष मौर्य ने बताया कि जानकारी हुई है, सामुदायिक केंद्र के मरम्मत की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
ये भी पढ़ें -Breaking News: UP में 11 IPS अफसरों के तबादले, अजय पाल शर्मा बने जौनपुर के SP, देखें List
