रुद्रपुरः 4140 नशीली दवाओं व 2.47 लाख की नगदी के साथ सौदागर गिरफ्तार
रुद्रपुर, अमृत विचार। कोतवाली और रंपुरा पुलिस चौकी की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को नशीली दवाओं की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से लाखों रुपये की नगदी भी बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जल्द अमीर बनने की चाह में नशीली दवाओं का सौदागर बना और बरेली से दवाईयों की खेप लगाकर आसपास के इलाकों में सप्लाई करता है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
शुक्रवार को एनडीपीएस प्रकरण का खुलासा करते हुए एसपी क्राइम चंद्रशेखर घोडके ने बताया कि गुरुवार की देर शाम प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौर व चौकी प्रभारी अर्जुन गिरि पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इस दौरान रंपुरा चौकी इलाके में एक व्यक्ति पुलिस को देख भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अलवाद मंडल निवासी भदईपुरार बताया। पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से पैरासिटामोल, डाइक्लोमाइन, हाइड्रोक्लोराइड ट्रामाटोल, इस्पासरॉक्स समेत 4140 नशीली दवाओं की खेप पकड़ी। आरोपी के कब्जे से 2.47 लाख रुपये की नगदी भी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह प्रतिबंधित नशे की दवाइयों को बहेडी, बरेली से लाता है और मलिन बस्तियों में जा कर मजदूरों व नौजवानों को महंगे दामों पर सप्लाई करता है। पूछताछ में आरोपी का कहना था कि जल्दी से अमीर बनने की चाह में उसने नशीली दवाइयों की सप्लाई शुरू कर दिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश कर दिया है।
