संभल: उद्योग स्थापति कर जिले को विकसित बनाएं निवेशक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित द्वितीय जनपद स्तरीय इन्वेस्टर समिट के आयोजन में बोलीं राज्यमंत्री गुलाब देवी

बहजोई/संभल, अमृत विचार। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित द्वितीय इन्वेस्टर्स समिट को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने आह्वान किया कि निवेशक निवेश करके संभल को प्रमुख विकसित जिले के रूप में स्थापति करने का काम करें।

  • अब तक 45 सौ करोड़ का हुआ निवेशकों के साथ एमओयू
  • डीएम बोले जनपद संभल में फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में है अच्छा स्कोप
  • सीडीओ ने कहा जनपद में निवेश की हैं अपार संभावनाएं

उन्होंने कहा कि शासन एवं प्रशासन सभी निवेशकों के साथ है। निवेशक भयमुक्त होकर अपने उद्योगों को स्थापित करें। कोई भी समस्या जनपद में उत्पन्न नहीं होगी। निवेशक कोई अच्छा उद्योग स्थापित करें जिससे लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त हों, जनपद का नाम प्रदेश एवं देश स्तर पर रोशन हो। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि निवेशकों द्वारा निवेश का आंकड़ा 45 सौ करोड़ पर है। उम्मीद है कि उत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से पहले जिले में पांच हजार करोड़ का निवेश आ जाएगा। 

कृषि के क्षेत्र एवं फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज में अपार संभावनाएं हैं। हमारी यही आकांक्षा है कि संभल प्रदेश स्तर एवं देश स्तर पर फूड प्रोसेसिंग हब के रूप में उभर कर आए। सीडीओ कमलेश सचान ने कहा कि उद्योगों के लिए जो मूलभूत सुविधाएं होनी चाहिए वह जिले में हैं। कार्यक्रम में ई एंड वाई कंसलटेंट अवनीश कुमार पांडे द्वारा वीडियो प्रसारण एवं निवेश सार्थी पोर्टल का प्रस्तुतीकरण किया गया। विदेश व्यापार सहायक महानिदेशक रवि भार्गव द्वारा निर्यात से संबंधित बिंदुओं पर निवेशकों के साथ विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। समिट में अरविंद अरोरा, फूल प्रकाश, कमल कौशल वार्ष्णेय, संजय सांख्यधर आदि उद्योगपतियों ने अपने विचार रखे।
 
निवेशकों को किया गया सम्मानित
बहजोई। कार्यक्रम में कौशल विकास के लाभार्थियों को मोबाइल वितरित किए गए। साथ ही फूल प्रकाश वार्ष्णेय, अरविंद अरोड़ा, चंदन अग्रवाल, कमल कौशल वार्ष्णेय, नवलेश कुमार वार्ष्णेय आदि निवेशकों को सम्मानित किया गया। राज्यमंत्री गुलाब देवी को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। संयुक्त आयुक्त उद्योग योगेश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रदीप वर्मा, सीएमओ डा. तरन्नुम रजा, विकास वार्ष्णेय, ताहिर सलामी आदि उपस्थित रहे। संचालन जिला पंचायत राज अधिकारी जाहिद हुसैन ने किया।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : बदबूदार नाले के ऊपर कुर्सी लेकर बैठा, ली चाय की चुस्की, बोला- अब बेड भी यहीं डालूंगा, देखिए अनोखे प्रदर्शन का VIDEO

संबंधित समाचार