मुरादाबाद : घरों के बाहर खड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़े, विरोध में लोगों ने लगाया जाम

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

विरोध में लोगों ने लगाया जाम, पुलिस के आश्वासन के बाद शांत हुए लोग, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

मुरादाबाद।   शुक्रवार की रात चंद्र नगर में लोकोशेड पुल के पास घरों के बाहर खड़ी सात गाड़ियों के एक युवक ने ईंट मारकर शीशे तोड़ दिए। आरोपी ने मंदिर में मूर्तियों को भी खंडित करने की कोशिश की। शनिवार गाड़ियों की हालत देख हड़कंप मच गया। गुस्साए लोगों ने दिल्ली रोड पर जाम लगाकर हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंचे एसपी सिटी और सीओ ने किसी तरह समझा बुझा कर शांत कराया। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की मदद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। इस बीच क्षेत्रवासियों ने कुछ संदिग्ध लोगों को बंधक बनाकर धुनाई करके पुलिस को सौंप दिया। उनसे भी पूछताछ की जा रही है।

सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में लोकोशेड पुल के पास से चंद्रनगर की ओर सड़क जाती है। यहां रहने वाले लोग अपने वाहन सड़क किनारे खड़ा करते हैं। शुक्रवार की रात भी लोग घरों के बाहर वाहन खड़े करके सो गए। शनिवार की सुबह जब जागे तो देखा कि सड़क किनारे खड़े वाहनों के शीशे टूटे हुए थे। इतना ही नहीं लोकोशेड पुल के नीचे स्थित शिव मंदिर में दानपात्र भी टूटा था और मूर्तियां भी क्षतिग्रस्त थीं। पास में ईंटें पड़ी थीं। इस घटना के बाद मोहल्ले के तमाम लोग एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल में जुट गई, लेकिन काफी देर तक कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस की कार्यप्रणाली से लोग भड़क गए। सुबह करीब 10 बजे उन्होंने टूटे शीशे वाले वाहनों को कंटेनर डिपो गेट के पास खड़ा करके जाम लगा दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इससे लोकोशेड पुल की एक लेन पूरी तरह जाम हो गई। कुछ ही देर में वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम की सूचना मिलते ही एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया, सीओ सिविल लाइंस डॉ. अनूप सिंह और इंस्पेक्टर गजेंद्र सिंह मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने किसी तरह समझा बुझाकर कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया। इसके बाद क्षेत्रवासियों ने जाम खोल दिया। तब यातायात सुचारु हो सका।

सीसीटीवी में कैद हुआ वाहनों के शीशों को ईंट से तोड़ता युवक

लोकोशेड पुल के पास चंद्रनगर मार्ग पर खड़े वाहनों के शीशे तोड़े जाने की घटना के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कीं। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस गजेंद्र सिंह ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में तड़के 3:51 बजे एक युवक ईंट से वाहनों के शीशे तोड़ता नजर आया है। हुलिए से युवक नशेड़ी प्रतीत हो रहा है। फुटेज की मदद से युवक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

क्षेत्रवासियों ने चार संदिग्धों की धुनाई कर पुलिस को सौंपा
घटना से गुस्साए क्षेत्रवासियों ने दोपहर करीब तीन बजे क्षेत्र में बेमकसद घूम रहे चार संदिग्धों को पकड़ लिया। लोगों ने बंधक बनाकर उनकी पिटाई की। इसके बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।

लोकोशेड पुल के नीचे चंद्रनगर की ओर जाने वाले रास्ते पर कुछ गाड़ियां खड़ी थीं। शरारती तत्वों ने तड़के उनके शीशे ईंट से तोड़ दिए। मंदिर में भी पत्थर फेंके गए। लोगों ने जाम लगाने का प्रयास किया था। मगर समझा बुझा कर उन्हें हटा दिया गया। सीसीटीवी कैमरे की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। -अखिलेश भदौरिया, एसपी सिटी

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद : कमरे में फंदे पर लटका मिला महिला का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

संबंधित समाचार