बाराबंकी : सीएम युवा योजना से आर्यन और प्रखर बने सफल उद्यमी --नौकरी तलाशने वाले बने रोजगारदाता
5-5 लाख रुपये के ऋण, एक ने मधुमक्खी पालन तो दूसरे ने शुरू किया कंटेंट क्रिएशन एवं वीडियो एडिटिंग
बाराबंकी, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा) योजना जिले के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उन्हें रोजगारदाता बनने का अवसर दे रही है। योजना से लाभान्वित बाराबंकी के आर्यन कुमार और प्रखर शुक्ला इसकी मिसाल हैं।
दोनों को 5-5 लाख रुपये का ऋण मिला, जिससे उन्होंने अपने हुनर और रुचि को सफल उद्यम में बदला। आर्यन ने पारंपरिक मधुमक्खी पालन को मूल्य संवर्धित उत्पादों से जोड़ा, जबकि प्रखर ने डिजिटल हुनर को कंपनी का रूप दिया। दोनों की सफलता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आत्मनिर्भर युवा और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की परिकल्पना को साकार करती दिख रही है। सीएम युवा योजना के जरिए युवाओं को आर्थिक सहयोग, मार्गदर्शन और प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार व रोजगार सृजन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
आर्यन ने मधुमक्खी पालन को बनाया आधुनिक कारोबार
ग्राम दरावपुर निवासी आर्यन कुमार ने अपने पिता राजेंद्र कुमार से मिले मधुमक्खी पालन के अनुभव को आधुनिक उद्यम का रूप दिया। सीएम युवा योजना से मिले 5 लाख रुपये के ऋण से उन्होंने मधुमक्खी पालन और शहद आधारित मूल्य संवर्धित उत्पादों का कारोबार शुरू किया। उनके यहां हनी विनेगर, हनी जिंग, ड्राई फ्रूट्स विद हनी और गार्लिक विद हनी जैसे उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। आर्यन का लक्ष्य गुणवत्तापूर्ण स्थानीय शहद को बेहतर पैकेजिंग और प्रसंस्करण के जरिए बड़े बाजार तक पहुंचाने के साथ स्थानीय लोगों को रोजगार से जोड़ना है।
तीन कंप्यूटर से शुरू की कंपनी, 40 से अधिक लोगों को रोजगार
शहर निवासी प्रखर शुक्ला को बचपन से कंटेंट क्रिएशन और वीडियो एडिटिंग में रुचि थी। विभागीय कैंप के माध्यम से उन्हें सीएम युवा योजना की जानकारी मिली और 5 लाख रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इससे उन्होंने तीन कंप्यूटर खरीदे और तीन लोगों के साथ कारोबार शुरू किया। गुणवत्ता और रचनात्मकता के दम पर उनका व्यवसाय तेजी से बढ़ा और आज उनकी कंपनी में 40 से अधिक लोग कार्य कर रहे हैं। कंपनी देश-विदेश के करीब 50 से अधिक क्लाइंट्स के लिए कंटेंट क्रिएशन और वीडियो एडिटिंग का काम कर रही है।
यह भी पढ़ेंः Sitapur News: पत्नी से विवाद के बाद पानी की टंकी पर चढ़ा युवक, घंटों समझाने के बाद पुलिस ने ऐसे बचाई जान
