Bareilly News : फर्जी दस्तावेजों के आधार पर HDFC से करोड़ों का लोन, सेल्स एग्जिक्यूटिव समेत 21 के खिलाफ केस दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

दिए गए पते पर नहीं मिले लोन निकालने वाले, 21 के खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट

बरेली की एचडीएफसी बैंक शाखा में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर 3.59 करोड़ रुपये का लोन निकालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बैंक कर्मियों समेत 21 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।

बरेली, अमृत विचार। एचडीएफसी बैंक की सिविल लाइंस स्थित होम लोन शाखा से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर करीब 3.59 करोड़ रुपये का लोन निकाल लिया। बैंक की जांच में 12 लोगों के दस्तावेज संदिग्ध पाए गए। सत्यापन के दौरान संबंधित पते पर लोनधारक ही नहीं मिले। फर्जीवाड़ा करने वाले इन 12 लोगों, बैंक के एक सेल्स एग्जिक्यूटिव और दस्तावेजों का सत्यापन करने वाले कर्मचारियों समेत 21 लोगों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है।

लखनऊ में कार्यरत एचडीएफसी बैंक के एरिया मैनेजर प्रशांत सिंह ने बताया कि जनवरी 2022 से मार्च 2023 के बीच बैंक की सिविल लाइंस होम लोन शाखा से फर्जी बैंक स्टेटमेंट, पेंशन स्टेटमेंट, आय प्रमाण पत्र और वेतन पर्ची समेत अन्य कूटरचित दस्तावेज लगाकर 12 लोगों ने लोन हासिल कर लिया। बाद में ऋण की किस्तें समय से जमा नहीं होने पर बैंक ने दस्तावेजों और पते का सत्यापन कराया। जांच में कई पते अधूरे मिले और वहां संबंधित व्यक्ति भी रहते नहीं मिले। इन सभी लोगों की लोन प्रक्रिया सेल्स एग्जिक्यूटिव कुमार चेतन, एचडीएफसी बैंक होम लोन शाखा सिविल लाइंस, के द्वारा पूरी कराई गई थी। आरोप है कि सत्यापनकर्ताओं और बैंक के सेल्स एग्जिक्यूटिव ने कथित तौर पर लोन धारकों के साथ मिलीभगत कर कूटरचित दस्तावेजों के बावजूद सकारात्मक सत्यापन रिपोर्ट लगा दी। इसी आधार पर बैंक से लोन स्वीकृत हुए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सभी 21 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इन 12 लोगों के नाम पर निकले रुपये
ऐमन जैदी – 36,19,636 रुपये, अजय कुमार- 31,10,498 रुपये, अमित कुमार- 36,29,100 रुपये, करिश्मा- 35,88,394 रुपये, लक्ष्मी देवी-24,51,400 रुपये, आशीष- 35,98,511 रुपये, प्रवेश कुमार- 33,49,954 रुपये, प्रीति- 30,43,321 रुपये, रेखा- 25,92,143 रुपये, संजय कुमार- 36,07,924 रुपये, सरोज- 32,32,575 रुपये, सुमित कुमार- 80,118 रुपये

बैंक अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मामले की जांच की जा रही है। फर्जीवाड़ा करने में सहयोग करने वालों के खिलाफ भी विधिक कार्रवाई होगी। -राजीव कुमार, इंस्पेक्टर कोतवाली

लखीमपुर की महिला और युवक ने दर्ज कराई रिपोर्ट
फर्जी दस्तावेजों से बैंकाें से लोन लेने वाले भोजीपुरा के ठगों ने लखीमपुर खीरी का महिला और क युवक के भी खाते खुलवाकर लाखों का लोन ले लिया था। उनके दस्तावेज व एटीएम कार्ड भी अपने पास रख लिए थे। पीड़ितों की तहरीर पर इज्जतनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सोमवार को भोजीपुरा पुलिस ने मॉडन विलेज में किराये पर रह रहे राम नयन गुप्ता उर्फ कृष्णा गुप्ता उर्फ कृष्ण कन्हैया निवासी ग्राम कमासिन बुजुर्ग थाना पनियारा जिला महाराजगंज, राकेश गुप्ता निवासी ग्राम नाथ नगर थाना भागलपुर बिहार, अनिल गुप्ता निवासी जगतपुर और ऋषभ कुमार सक्सेना निवासी कृष्णा नगर को गिरफ्तार किया था। आरोपी फर्जी दस्तावेज तैयार करके बैंकों से 15-20 लाख तक का लोन निकाल लिया करते थे। लखीमपुर खीरी के धौरहरा थाना क्षेत्र की रिंकी देवी ने बताया आरोपियों ने उन्हें भी लोन दिलाने का झांसा देकर बरेली बुलाया था। इसके बाद बैंक ऑफ बड़ौदा की इज्जतनगर शाखा में उनका खाता खुलवाया गया और सिम कार्ड, पासबुक, चेकबुक व एटीएम कार्ड अपने पास रख लिए। आरोपियों ने धोखाधड़ी कर लोन करा लिया। जबकि उन्हें कोई पैसा नहीं दिया गया। धौरहरा क्षेत्र के ही संजीव कुमार ने बताया कि वह अनपढ़ है। आरोपियों ने उसे भी लोन दिलाने का लालच देकर खाता खुलवाया और सिम, पासबुक, चेकबुक और एटीएम कार्ड लेने के बाद लोन करा लिया गया लेकिन उसे कोई पैसा नहीं दिया।

ये भी पढ़ें - Budaun News : खाना खाने ढाबे पर जा रहे दो युवकों की सड़क हादसे में मौत

संबंधित समाचार