Budaun News : खाना खाने ढाबे पर जा रहे दो युवकों की सड़क हादसे में मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

सोमवार रात खाना खाने जाते समय असरासी की पुलिया के पास हुआ हादसा

बदायूं के कादरचौक में सोमवार रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में ढाबे पर खाना खाने जा रहे दो बाइक सवार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई।

कादरचौक, अमृत विचार। खाना खाने ढाबे पर जा रहे बाइक सवार दो युवकों को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवकों के सिर में चोट आई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि एक युवक की आंख बाहर आ गई। बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मौत के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है।

हादसा सोमवार रात लगभग साढे़ 11 बजे थाना कादरचौक क्षेत्र में असरासी की पुलिया के पास हुआ। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी कि पुलिया के पास दो युवक लहूलुहान पड़े हैं। पास में ही क्षतिग्रस्त बाइक है। सड़क हादसे की आशंका है। टक्कर मारने वाला चालक मय वाहन फरार हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों युवकों की शिनाख्त कस्बा कादरचौक निवासी वीरेश उर्फ विपिन (20) पुत्र पप्पू और सौरव उर्फ चीता (23) पुत्र गोपाल उर्फ कुलदीप के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों युवकों को जिला अस्पताल भेजा। जहां चिकित्सक ने उनकी मौत की पुष्टि कर दी। सूचना मिलने पर परिजन कोहराम करते पहुंचे। बताया कि दोनों युवक रात के समय बाइक से भदरुईया गांव स्थित ढाबे पर खाना खाने जा रहे थे। रास्ते में किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मारी है। पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही है। मृतकों की बाइक थाना परिसर में रखवा दी गई है। मृतकों के परिजनों की ओर से तहरीर आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। कादरचौक के थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हुई थी। टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा रही है।

ये भी पढ़ें - Budaun News : फंदे पर मिला युवक का शव, प्रेम प्रसंग में हत्या करने का आरोप

संबंधित समाचार