खाटू श्याम के दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु, पलवल में मौत ने रोकी राह; पिकअप और ट्रक की टक्कर, 6 की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

केएमपी एक्सप्रेसवे पर तड़के हुआ दर्दनाक हादसा, 14 श्रद्धालु घायल; मैनपुरी के किशनी क्षेत्र के रहने वाले थे यात्री

पलवल/मैनपुरी। राजस्थान के खाटू श्याम और सालासर बालाजी के दर्शन कर घर लौट रहे मैनपुरी के श्रद्धालुओं की खुशी उस समय मातम में बदल गई, जब हरियाणा के पलवल जिले में उनकी पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के करीब 5:30 बजे हुए इस भीषण हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए। मृतकों में तीन महिलाएं शामिल हैं।

मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र के किशनपुर मुरगिया, मकोया, चांदा और आसपास के गांवों के श्रद्धालु धार्मिक यात्रा पर राजस्थान गए थे। सोमवार शाम उन्होंने खाटू श्याम और सालासर बालाजी मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद सभी मथुरा-वृंदावन जाने के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान केएमपी एक्सप्रेसवे पर उनकी पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी।

जोरदार टक्कर से पिकअप के उड़े परखच्चे, मची चीख-पुकार

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने पुलिस और आपातकालीन सेवाओं को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से पिकअप में फंसे घायलों को बाहर निकाला और जिला नागरिक अस्पताल, पलवल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने छह श्रद्धालुओं को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान विजय सिंह निवासी चांदा, महेशचंद्र निवासी हविलिया तथा राजकुमार, रेशमा देवी, कमला देवी और सुधा निवासी किशनपुर मुरगिया के रूप में हुई है।

घायलों में सुनील, श्वेता यादव, बीरेश, उमेद, विनोद कुमार, सरला, रूबी, रामसेवक, रवि, वाणी, वीनू, तन्नू, रेखा और गोरा देवी शामिल बताए गए हैं। सभी का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

झपकी आने की आशंका, जांच के बाद साफ होगा हादसे का कारण

पुलिस की शुरुआती जांच में पिकअप चालक को झपकी आने की आशंका जताई गई है। रिपोर्टों के अनुसार, पिकअप को लोहे के सरियों और जाल की मदद से ऊंचा करके डबल-डेकर जैसा बनाया गया था। हालांकि, हादसा वास्तव में किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पुष्टि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

हादसे के बाद ट्रक चालक के मौके से फरार होने की बात सामने आई है। वहीं पिकअप चालक सुधीर के भी फरार होने की जानकारी है। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और दोनों चालकों की तलाश शुरू कर दी है।

धार्मिक यात्रा से लौटते परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

जिन परिवारों के लोग खाटू श्याम और सालासर बालाजी के दर्शन के बाद मथुरा-वृंदावन की ओर बढ़ रहे थे, उनके लिए यह यात्रा जिंदगी भर का दर्द बन गई। छह लोगों की मौत की खबर से मैनपुरी के किशनी क्षेत्र के गांवों में मातम पसर गया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है।

फिलहाल घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

यह भी पढ़ेंः सड़क न बनने के विरोध में युवक का खौफनाक कदम, हाथ में तिरंगा लेकर पानी की टंकी पर चढ़ा

संबंधित समाचार