कानपुर : भरभरा कर ढह गया कच्चा मकान, मलबे में दबने से मासूम बच्ची की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

कानपुर देहात, अमृत विचार : शिवली कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को कच्चा घर भरभरा कर ढह गया। कई लोग इसके मलबे में दब गए। घटना में ननिहाल आई  मासूम बच्ची की मृत्यु हो गई। उसके मलबे में दबने की जानकारी  पर ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला। चार अन्य लोगों को भी बाहर निकाला गया। उन्हें सीएचसी ले जाया गया। तीन घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर घायल एक महिला को  हैलट रेफर कर दिया गया है। घटना की जानकारी होते ही पुलिस के साथ मौके पर पहुंची उप जिलाधिकारी प्रतिभा मिश्रा ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

 

मकान का मलबा
गिरे मकान का मलबा

कन्नौज जनपद के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के कन्हौली पट्टी गांव निवासी शिवांशू राजपूत पुत्र मोहन लाल की कोतवाली शिवली क्षेत्र के रामपुर शिवली के मजरा जसापुरवा गांव में ससुराल है। बीते दिनों रक्षा बंधन पर्व पर उसकी पत्नी शिखा अपनी 7 माह की मासूम बच्ची सानवी को साथ लेकर अपने मायके आई थी। बीते दो दिनों से भीषण वारिस हो रही थी। मंगलवार की भोर बारिश के दौरान उसका मकान भरभरा कर धराशाई हो गया। इसके मलबे में मासूम सानवी समेत शिखा की दादी सोमवती (74) बाबा भिक्खू लाल (80) भतीजी सगुन (17) समेत चार लोग मलबे में दब गए। जिससे चीख पुकार मच गई। जानकारी होते ही आसपास के ग्रामीणों ने आनन फानन मलबा हटा कर उसमें दबे मासूम बच्ची समेत सभी घायलों को उपचार के लिए लेकर सीएचसी पहुंचे जहां मौजूद डॉक्टर अंकिता चंद्रा ने परीक्षण के बाद मासूम बच्ची सानवी को मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद घर में कोहराम मच गया, मासूम की मां शिखा, दादी केतकी का रो-रो कर बुरा हाल था। वहीं भिक्खू लाल, शिखा व सगुन का प्राथमिक उपचार करने के बाद छुट्टी कर घर भेज दिया, जबकि घायल बुजुर्ग सोमवती को गंभीर हालत में हैलट अस्पताल कानपुर नगर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ पहुंची उप जिलाधिकारी प्रतिभा मिश्रा ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया। जिसके बाद उन्होंने बताया कि राजस्व टीम को भेजा गया है रिपोर्ट मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ेंः Sitapur News: पत्नी से विवाद के बाद पानी की टंकी पर चढ़ा युवक, घंटों समझाने के बाद पुलिस ने ऐसे बचाई जान

संबंधित समाचार