सड़क न बनने के विरोध में युवक का खौफनाक कदम, हाथ में तिरंगा लेकर पानी की टंकी पर चढ़ा

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

जमुनहा(श्रावस्ती), अमृत विचार : जमुनहा के ग्राम पंचायत शिकारी चौड़ा में सड़क निर्माण न होने से नाराज एक युवक ने हाथों में तिरंगा लेकर गांव की पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध जताया। इस घटना से तहसील प्रशासन में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

युवक जैसे ही टंकी के ऊपर राष्ट्रीय ध्वज के साथ दिखा, इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मल्हीपुर पुलिस व तहसील प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस व तहसील स्तर के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस व अधिकारियों ने कड़ी  मशक्कत के बाद युवक को समझा-बुझाकर सुरक्षित तरीके से नीचे उतारा। नीचे उतरने के बाद जब अधिकारियों ने युवक से बात की तो उसने बताया कि इलाके में लंबे समय से सड़क नहीं बनने की वजह से ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही है।

उसने कहा कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का कोई हल नहीं निकला, जिसके चलते उसे यह कदम उठाना पड़ा। युवक ने सड़क की बदहाली से आहत होकर यह रास्ता अपनाया। मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने युवक की बात को गंभीरता से सुना और सड़क निर्माण के लिए जल्द उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिया। इसके बाद मामला शांत हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि तहसील के इतने करीब हुई इस घटना ने स्थानीय स्तर पर बुनियादी सुविधाओं की खराब हालत पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

संबंधित समाचार