Amroha News : पुलिस चौकी के पास युवक की गोली मारकर हत्या, पीछे से सिर पर सटाया तमंचा, हत्या से सनसनी

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

चौकी से सटी गली में सनसनीखेज मर्डर, सिर में गोली मारकर ली जान, 5 आरोपियों पर FIR

अमरोहा के जट बाजार में पुलिस चौकी के पास 25 वर्षीय अफ्फान कुरैशी की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने 5 आरोपियों पर केस दर्ज किया है।

अमरोहा, अमृत विचार। शहर के जट बाजार चौकी क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक मीट दुकानदार अफ्फान कुरैशी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने युवक के सिर से तमंचा सटाकर गोली मारी और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज से आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर हालत में युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि आरोपियों की तलाश में पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं। एसपी लखन सिंह भी मौके पर पहुंच और जांच पड़ताल की।

 यह घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के जट बाजार की है। दरअसल शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कसाईखाना निवासी अफ्फान कुरैशी (25) परिवार में सबसे छोटा बेटा था और मोहल्ले में ही मीट की दुकान चलाता था। मंगलवार रात वह अपने दोस्त शहबाज के साथ जट बाजार गया था। रात करीब 11ः30 बजे दोनों जट बाजार चौकी की दीवार से सटी गली में खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। बताया गया कि इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने पीछे से अफ्फान के सिर पर तमंचा सटाकर गोली मार दी। अचानक गोली चलने से अफ्फान लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल अफ्फान को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में परिजन और परिचित जिला अस्पताल पहुंच गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव और अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया भी जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली और रंजिश के बारे में पूछताछ की। पुलिस ने परिजनों से घटना से जुड़े लोगों और विवादों के संबंध में भी जानकारी जुटाई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात से पहले अफ्फान और उसके दोस्त के आसपास कौन-कौन लोग मौजूद थे और घटना के बाद आरोपी किस दिशा में भागे। फिल्हाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांच आरोपियों शानदार, कामरान, शन्नू उर्फ कामिल, शहजाद और अरहम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

तहरीर के आधार पर पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमों का गठन किया गया है। हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में रंजिश सामने आई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। - लखन सिंह यादव, एसपी अमरोहा।

ये भी पढ़ें - Rampur News : कांग्रेस के लिए बोले नकवी, ऐसा कोई सगा नहीं, जिसको तुमने ठगा नहीं: नकवी

संबंधित समाचार