कन्नौज में बिजलीकर्मी का हाईवोल्टेज ड्रामा! मारपीट से नाराज लाइनमैन ट्रांसफार्मर पर चढ़ा, कहा- पहले अधिकारियों को बुलाओ
लाठी-डंडों से मारपीट और तमंचा दिखाकर धमकाने का आरोप
कन्नौज के सौरिख में मारपीट से नाराज संविदा लाइनमैन 10 एमवीए ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया। लाइनमैन का आरोप है कि भावलपुर के पास बाइक सवार चार लोगों ने उसके साथ मारपीट की और तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। अधिकारियों से शिकायत के बाद कार्रवाई न होने से नाराज होकर उसने यह कदम उठाया।
सौरिख/कन्नौज, अमृत विचार। बिजली की लाइन ठीक करने गए लाइनमैन के साथ मारपीट की गई। पीड़ित ने इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इस पर नाराज होकर वह ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया और मौके पर अधिकारियों को बुलाने की मांग करने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ।
क्षेत्र के नगला मक्क निवासी संविदा लाइनमैन पुष्पेंद्र राजपूत बुधवार दोपहर अपने साथियों लाखन और दीपू के साथ तरीन्द्र गांव में बिजली लाइन ठीक करने गया था। लौटते समय भावलपुर गांव के पास बाइक सवार चार लोगों ने उसे रोक लिया और गालीगलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। उसे चोटें आईं।
पीड़ित का आरोप- तमंचा दिखाकर जान से मारने की दी धमकी
पुष्पेंद्र का आरोप है कि हमलावरों ने तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी और फरार हो गए। उसने अधिकारियों को जानकारी दी, लेकिन संतोषजनक कार्रवाई न होने से नाराज होकर वह सौरिख बिजलीघर पहुंचा और 10 एमवीए ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया। उसने अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की।
पुलिस समझाती रही, नीचे उतरने को तैयार नहीं
सूचना पर उपनिरीक्षक रणवीर सिंह चंदेल पुलिस बल के साथ पहुंचे और उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। खबर लिखे जाने तक न तो अधिकारी मौके पर पहुंचे थे और न ही वह नीचे उतरा था। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या से बड़ी खबर : जितेंद्र मिश्रा बने राम मंदिर के पहले CEO, ट्रस्ट ने पूर्व एयर मार्शल के नाम पर लगाई मुहर
