रायबरेली : पारिवारिक विवाद में बड़े भाई पर हत्या का आरोप, पत्थरों से कुचलकर छोटे भाई को उतारा मौत के घाट
पारिवारिक झगड़े ने छीन लिया भाई, मांग का सिंदूर और घर का सहारा
हरचंदपुर, रायबरेली, अमृत विचार : सुबह की वह घड़ी किसी ने नहीं सोची थी कि घर से ड्यूटी के लिए निकला रवि अब कभी लौटकर नहीं आएगा। पत्नी ने रोज की तरह उसे जाते देखा होगा, परिवार ने भी शाम तक उसके लौटने की उम्मीद की होगी, लेकिन गांव के बाहर एक पारिवारिक विवाद ने सब कुछ हमेशा के लिए बदल दिया। आरोप है कि बड़े भाई ने छोटे भाई रवि कुमार चौधरी पर ईंट-पत्थरों से ऐसा हमला किया कि वह जिंदगी की जंग हार गया। पत्नी की मांग का सिंदूर उजड़ गया और परिवार का सहारा हमेशा के लिए छिन गया।
हरचंदपुर थाना क्षेत्र के चौपुरा गांव निवासी रवि कुमार चौधरी (31) पुत्र शिवशंकर एसजेएस स्कूल में बस कंडक्टर था। वह परिवार की जिम्मेदारियां उठाने के लिए रोज की तरह बुधवार सुबह भी बाइक से ड्यूटी के लिए निकला था। इससे एक दिन पहले मंगलवार शाम को किसी बात को लेकर उसका बड़े भाई से विवाद हुआ था। घर के भीतर शुरू हुई कहासुनी ने अगले दिन खौफनाक रूप ले लिया। बताया गया कि बुधवार सुबह रवि बाइक से गांव के बाहर पहुंचा था। आरोप है कि उसका बड़ा भाई पहले से वहां मौजूद था। रवि को देखते ही उस पर हमला कर दिया गया। ईंट-पत्थरों से किए गए ताबड़तोड़ प्रहार में रवि गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। कुछ ही देर में घटनास्थल खून से लाल हो गया था और परिवार का सहारा जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहा था। रवि की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने एम्स रेफर कर दिया। परिवार को उम्मीद थी कि इलाज के बाद रवि बच जाएगा और फिर घर लौटेगा, लेकिन एम्स में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह खबर घर पहुंची तो जैसे पूरा परिवार ही बिखर गया। जिस पत्नी ने सुबह पति को ड्यूटी पर जाते देखा था, उसी के सामने कुछ घंटों बाद उसका सुहाग छिन गया। रवि की मौत की खबर सुनते ही घर में चीख-पुकार मच गई। रिश्तेदारों और ग्रामीणों की भीड़ के बीच पत्नी की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। एक ओर रवि के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, दूसरी ओर परिवार उस सवाल के साथ खड़ा था जिसका कोई आसान जवाब नहीं था। आखिर एक पारिवारिक विवाद उस मोड़ तक कैसे पहुंच गया, जहां भाई ने ही भाई की जिंदगी छीन ली।
जेठ पर हत्या का लगाया आरोप
मृतक की पत्नी ने अपने जेठ पर रंजिश के चलते पति की हत्या करने का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वर्जन
परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रदीप कुमार, सीओ महराजगंज
