Barabanki News : पिता के हाथ से चाकू लगने से जख्मी युवक की मौत, जानें पूरा मामला
बाराबंकी के बदलूपुरवा गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान चाकू लगने से घायल युवक की लखनऊ ले जाते समय मौत हो गई। आरोप है कि शराब के नशे में युवक ने बहन से मारपीट की थी, जिसके बाद पिता-पुत्र में विवाद हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सूरतगंज/बाराबंकी, अमृत विचार। सोमवार शाम घर में विवाद के दौरान पिता के हाथ में मौजूद चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल युवक की लखनऊ इलाज के लिए ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की है। जानकारी के अनुसार मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के ग्राम बदलूपुरवा निवासी बच्चाराम का पुत्र चंद्रकेश बाहर रहकर मजदूरी करता था। चंद्रकेश की भाभी मैना के मुताबिक, चंद्रकेश 22 अगस्त को घर आया था। सोमवार शाम वह शराब के नशे में घर पहुंचा और परिजनों से विवाद करने लगा।
आरोप है कि विवाद के दौरान उसने अपनी बहन रंगोली के साथ मारपीट की, सिर में गंभीर चोट लगने से वह बेहोश होकर गिर गई। बेटी के साथ मारपीट की जानकारी होने पर पिता मौके पर पहुंचे। इसके बाद पिता-पुत्र के बीच भी विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा कि इस दौरान पिता के हाथ में मौजूद चाकू चंद्रकेश को लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजनों में अफरातफरी मच गई। भाभी मैना और पत्नी शीला देवी घायल चंद्रकेश को निजी वाहन से बाराबंकी स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचीं। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। परिजन उसे लखनऊ ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को गांव लाकर पुलिस को सूचना दी गई।
युवक की मौत के बाद सदमे में परिजन
परिजनों के मुताबिक चंद्रकेश पांच भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। परिवार में तीन भाई और दो बहनें हैं। युवक की मौत के बाद पत्नी शीला देवी समेत अन्य परिजनों में रोना पिटना मचा है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पारिवारिक विवाद, मारपीट और चाकू लगने की घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
