Barabanki News : सफेदाबाद में खोदाई के दौरान फटी LPG पाइपलाइन, मची अफरा-तफरी, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप

Amrit Vichar Network
On

कंपनी की टीम ने पहुंचकर बंद कराई गैस सप्लाई

बाराबंकी के सफेदाबाद में बिजली विभाग की खोदाई के दौरान टोरेंट कंपनी की भूमिगत LPG पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। तेज दबाव के साथ गैस रिसाव से हड़कंप मच गया। कंपनी की टीम ने गैस आपूर्ति बंद कर समय रहते स्थिति नियंत्रित कर ली।

बाराबंकी, अमृत विचार। बाराबंकी के माती थाना क्षेत्र अंतर्गत सफेदाबाद कस्बा स्थित केवाड़ी मोड़ के पास बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बिजली विभाग की ओर से की जा रही खोदाई के दौरान जमीन के नीचे से गुजर रही टोरेंट कंपनी की एलपीजी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन में टूट-फूट होते ही तेज दबाव के साथ गैस बाहर निकलने लगी। गैस रिसाव की खबर फैलते ही आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई। 

जानकारी के मुताबिक सफेदाबाद चौराहे से केवाड़ी मोड़ की ओर बिजली विभाग की ओर से मरम्मत का ठेका पाए ठेकेदार व श्रमिक लाइन में आए फाल्ट को ठीक करने के लिए सड़क किनारे जमीन की खोदाई कर रहे थे। इसी दौरान टोरेंट कंपनी की भूमिगत गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन टूटते ही तेज आवाज के साथ गैस का रिसाव शुरू हो गया और कुछ ही देर में आसपास गैस फैलने की आशंका से लोग घबरा गए। 

टना की सूचना मिलते ही कंपनी के मेंटेनेंस इंचार्ज विष्णु द्विवेदी और बाराबंकी हेड मैनेजर अवनीश पाण्डेय टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। वहीं जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. राकेश कुमार तिवारी के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक मो. इमरान ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। कंपनी की टीम ने तत्काल गैस आपूर्ति बंद कराई, जिसके बाद रिसाव पर नियंत्रण पाया जा सका। इसके बाद क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य शुरू कराया गया। गैस आपूर्ति बंद रहने के दौरान आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। 

पहले ही आगाह किया गया था

इस मामले को लेकर जेपीनगर विद्युत उपकेन्द्र के अवर अभियंता देवेन्द्र कुमार प्रजापति का कहना है कि मेंटीनेंस का काम कर रहे ठेकेदार को आगाह किया गया था कि गैस कंपनी से बातचीत कर काम किया जाएगा पर ऐसा नहीं किया गया और यह घटना हो गई। माती थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि समय रहते स्थिति पर नियंत्रण कर लिया गया। अब सबकुछ सामान्य है।

अयोध्या से बड़ी खबर : जितेंद्र मिश्रा बने राम मंदिर के पहले CEO, ट्रस्ट ने पूर्व एयर मार्शल के नाम पर लगाई मुहर

 

संबंधित समाचार