Kanpur News: समाज कल्याण अधिकारी शिवम सागर निलंबित, बिना सूचना लंबे समय तक रहे अनुपस्थित
कानपुर में समाज कल्याण अधिकारी शिवम सागर को लंबे समय तक बिना सूचना अनुपस्थित रहने के मामले में निलंबित कर दिया गया। डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह की रिपोर्ट पर प्रमुख सचिव अनुराग यादव ने कार्रवाई की।
कानपुर, अमृत विचार। स्वीकृत चिकित्सकीय अवकाश खत्म होने के बाद भी ड्यूटी पर नहीं लौटना जिला समाज कल्याण अधिकारी शिवम सागर को भारी पड़ गया। लंबे समय तक बिना अनुमति अनुपस्थित रहने और शासन के स्पष्टीकरण का जवाब नहीं देने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। शासन ने उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही भी शुरू की है।
बता दें कि शिवम सागर ने मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से 19 अप्रैल से एक मई 2026 तक चिकित्सकीय अवकाश लिया था। अवकाश अवधि समाप्त होने के बाद उन्होंने कार्यभार ग्रहण नहीं किया। अनुपस्थिति बढ़ाने के लिए सक्षम स्तर से अनुमति भी नहीं ली गई। इसके चलते जिला समाज कल्याण अधिकारी के पद का काम जिला पिछड़ा कल्याण अधिकारी वीरपाल को अतिरिक्त प्रभार देकर कराया जा रहा था।
वहीं 16 अगस्त को समाज कल्याण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के कानपुर दौरे और विभागीय योजनाओं की समीक्षा के दौरान भी शिवम सागर अनुपस्थित मिले। शासन ने इसे गंभीरता से लिया। इससे पहले 28 जुलाई को उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन उन्होंने जवाब नहीं दिया।
सामूहिक विवाह में बारिश से लेकर भोजन तक पर उठे थे सवाल
शिवम सागर के कार्यकाल में 20 मार्च 2026 को आयोजित सामूहिक विवाह समारोह की व्यवस्थाओं को लेकर भी शिकायतें सामने आई थीं। समारोह के दौरान अचानक बारिश होने पर लोगों को परेशानी हुई। कई लोग तिरपाल और लोडर के नीचे बारिश से बचते नजर आए थे, जबकि कुछ लोगों ने विवाह में मिले गद्दों को सिर पर रखकर खुद को भीगने से बचाया। इससे कुछ देर कार्यक्रम स्थल पर अव्यवस्था की स्थिति रही थी।
वहीं, जोड़ों के परिजनों के लिए उपलब्ध कराए गए भोजन पैकेट को लेकर भी शिकायतें मिली थीं। कुछ लोगों ने पैकेट अधूरे होने की बात कही, जबकि कुछ जोड़ों के परिजनों ने चावल और पूड़ी कच्ची होने की शिकायत सामने की थी। जानकारी मिलने पर तत्कालीन सीडीओ दीक्षा जैन समेत अधिकारी भंडार गृह पहुंचे थे और व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया था।
एससी-एसटी छात्रों की छात्रवृत्ति को लेकर भी हुआ था प्रदर्शन
इसी कार्यकाल में एससी-एसटी छात्रों की छात्रवृत्ति नहीं मिलने की शिकायत को लेकर भीम आर्मी स्टूडेंट फेडरेशन के कार्यकर्ताओं और छात्रों ने विकास भवन में प्रदर्शन किया था। अधिकारियों से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर प्रदर्शनकारियों ने विकास भवन का गेट बंद कर दिया था। इससे परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई थी। सूचना पर नवाबगंज थाने की पुलिस पहुंची और छात्रों से बातचीत के बाद गेट खुलवाया गया था।
योजनाओं की प्रगति प्रभावित होने का हवाला
निलंबन आदेश में शासन ने कहा है कि शिवम सागर की लगातार अनुपस्थिति से विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, समीक्षा और अनुश्रवण, निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति, प्रशासनिक निर्णयों के निष्पादन और पात्र लाभार्थियों को समय से लाभ पहुंचाने की प्रक्रिया प्रभावित हुई। इसे शासकीय दायित्वों के प्रति गंभीर उदासीनता और अनुशासनहीनता मानते हुए नियमावली के नियम -चार के तहत निलंबन और नियम-सात के तहत विभागीय कार्यवाही की गई है।
