Rampur News : कांग्रेस के लिए बोले नकवी, ऐसा कोई सगा नहीं, जिसको तुमने ठगा नहीं: नकवी
रामपुर पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने मीडिया से बोले
रामपुर में पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ऐसा कोई सगा नहीं, जिसको तुमने ठगा नहीं।
रामपुर, अमृत विचार। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी बुधवार को रामपुर पहुंचे। उन्होंने सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता में कांग्रेस पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि ऐसा कोई सगा नहीं, जिसको तुमने ठगा नहीं। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता की खुड़पैची सनक और खुराफ़ाती सियासत विपक्ष के लिए असेट के बजाय लायबिलिटी, ताक़त के बजाय आफ़त बनती जा रही है।
नकवी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस बवंडर का धुरंधर और बखेड़े का सिकंदर बनने की सनक में डींगबाजी के डेली डोज़ की डिस्पेंसरी बन गई है , ऐसे डींगबाजी के ढपोलशंख डंकापति विपक्ष के बचे खुचे जनाधार का भी बंटाधार करने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ही नहीं बल्कि अधिकांश गैर-कांग्रेस दलों के प्रति राजनैतिक असहिष्णुता और अस्पृश्यता के रिवाज और मिज़ाज की हिस्ट्रीशीटर, कांग्रेस का विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रति धूर्ततापूर्ण धोखेबाजी का दाग़दार इतिहास "ऐसा कोई सगा नहीं जिसको उसने ठगा नहीं" से भरपूर है। कहा कि चौधरी चरण सिंह, इंद्र कुमार गुजराल, देवगौड़ा, चंद्र शेखर सहित कई दल- नेता कांग्रेस के विश्वासघात का शिकार रहें हैं।
नकवी ने कहा कि सामंती सियासत के सनकी सूरमाओं का छात्रों, नौजवानों, किसानों, अल्पसंख्यकों, दलितों, पिछड़ों के कन्धों पर बंदूक और क्रिमिनल कपट का संदूक लेकर भय-भ्रम की काल्पनिक कांसप्रेसी के पीछे देश में अस्थिरता और अराजकता का प्रायोजित प्रोपेगेंडा है। कहा कि डींगबाजी के डेली डोज वाले सामंती सुल्तान को समझना चाहिए कि कांठ की हांडी बार बार नहीं चढती, ऐसी ही रपट और रिपोर्ट की रंगारंग रंगबाजी से जनता उन्हें बार-बार रपटा -निपटा रही है। इस बार के चुनावी रण में जनता सपा- कांग्रेस को रपटाएगी, कभी जनादेश पर बवाल तो कभी जनगणना पर सवाल, बवाल-सवाल की ऐसी ही जगलर जुगलबन्दी वाली तर्कों की कंगाली ने कुतर्को का मवाली बना दिया है। कहा कि उत्तर प्रदेश में बलवाईयों, बाहुबलियों, बकैतों को निपटाने वाली सरकार चाहिए, ना कि निडर बनाने वाली सरकार। अपराधियों, अराजकत्तों, को कानूनी हिरासत में रखने वाली सरकार चाहिए, कुनबे की हिफाज़त में रखने वाला शासन नहीं। मोदी-योगी सरकार समाज की समृद्धि, सुरक्षा, सौहार्द की गारंटी है। नकवी ने मनुस्मृति और अस्पृश्यता को लेकर काल्पनिक भय-भ्रम पैदा करने वालों पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि "मानसिक स्मृति से प्रदूषित लोगों का मनुस्मृति के प्रति दूषित दुष्प्रचार, भारत की सर्व धर्म समभाव की समावेशी सोंच को तार-तार करने की साज़िश है। भारतीय लोकतंत्र और सरकारों का धर्मग्रंथ संविधान है, मुल्क संविधान से चलता है, विभिन्न मज़हबों का धर्मग्रंथ धार्मिक आस्था का मार्ग दर्शक हैं।
17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान होगा शुरू
मुख्तार अब्बाद नकवी ने बताया कि नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से राष्ट्र व्यापी सेवा संकल्प अभियान के तहत मोदी जी के जन्म भूमि वडनगर और कर्म भूमि वाराणसी से समांतर चलने वाली यात्राएं एक महीने तक चलेंगी, 17 सितंबर मोदी जी के जन्म दिवस, 2 अक्टूबर गांधी जयंती, 17 अक्टूबर को मोदी जी के लोक सेवक के 25 वर्ष पूरे होने पर विशेष सेवा और जन कल्याण कार्यक्रम होंगे,17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान में सुशासन, समावेशी सशक्तिकरण के कार्यो के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा। इस दौरान उत्तर प्रदेश के कृषि राज्य मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख, एमएलसी एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सतपाल सैनी, भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, जिला प्रभारी राजा वर्मा, जागेश्वर दयाल दीक्षित, कपिल आर्य, महा सिंह राजपूत, वसीम खान, मोहन लोधी, पंकज लोधी, टेकचंद गंगवार, कुंवर बहादुर लोधी, अर्जुन रस्तोगी, मोहित सैनी, अजय सैनी, समर सिंह चौहान, योगेंद्र चौहान, रिंकू चौहान, योगेंद्र गंगवार, प्रेमपाल सैनी, इम्तियाज हुसैन चिंटू, भूकन लोधी, राजू खान, नूर आलम, संजय चंद्रा, चंद्र प्रकाश शर्मा, डॉ चंद्रपाल, किशन लाल लोधी आदि उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें - Moradabad News : सिपाही ने सीने से सटाकर चलाई राइफल, किराए के कमरे में मिला शव; पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
