Bareilly News : सीएम ग्रिड योजना के तहत श्यामगंज से महर्षि कश्यप चौक तक हटेंगे अवैध कब्जे, 58 को नोटिस
6 से 18 फीट तक हैं कब्जे, पहले चरण में 58 को नोटिस
बरेली में सीएम ग्रिड फेस-3 के तहत श्यामगंज से महर्षि कश्यप चौक तक 274 अवैध कब्जे हटाए जाएंगे। नगर निगम ने पहले चरण में 58 लोगों को नोटिस दिया है।
बरेली, अमृत विचार। शहर में सीएम ग्रिड फेस-थ्री के तहत श्यामगंज से महर्षि कश्यप चौक तक प्रस्तावित मॉडल रोड को लेकर नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। 1.5 किलोमीटर मार्ग पर 274 अतिक्रमण चिह्नित किए गए हैं। सोमवार से कब्जेदारों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
एक्सईएन राजीव कुमार राठी ने बताया कि डेढ़ किलोमीटर लंबे इस मार्ग के कायाकल्प पर 31 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। परियोजना के तहत सड़क के चौड़ीकरण के साथ-साथ विद्युत लाइनों और जल निकासी वाले नालों को पूरी तरह भूमिगत किया जाएगा। अभियान के पहले चरण के तहत 58 चिह्नित लोगों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इन लोगों ने सड़क की लगभग 6 से 18 फीट तक की भूमि पर कब्जा कर रखा है। सर्वे टीम ने अतिक्रमण की जद में आए भवनों और दुकानों पर पहले ही लाल निशान लगा दिए हैं। नोटिस में कहा गया है यदि निर्धारित समय में कब्जेदारों ने खुद अतिक्रमण नहीं हटाया, तो निगम का दस्ता ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करेगा। इस मॉडल रोड के निर्माण से नागरिकों को जाम से राहत मिलेगी।
पूर्व के दो चरणों में 100 करोड़ से संवर रही हैं दो मॉडल रोड
शहरी क्षेत्र के मुख्य मार्गों को मॉडल रोड के रूप में विकसित करने के लिए शासन ने बरेली को चरणबद्ध स्वीकृति दी है। फेस-वन के तहत मॉडल टाउन में 56 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों का कायाकल्प किया जा रहा है। वहीं, फेस-टू में कोहाड़ापीर से प्रेमनगर धर्मकांटा और कुदेशिया फाटक तक 44 करोड़ रुपये की लागत से 2.4 किलोमीटर लंबी मॉडल रोड के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इन दोनों शुरुआती चरणों पर कुल 100 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। दावा है फेस-थ्री के जुड़ने से शहर की कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचा काफी मजबूत होगा।
ये भी पढ़ें - Bareilly News : फुटपाथ पहले से घिरे, अब डिवाइडर भी बने दुकानों का हिस्सा
