Bareilly News : बरेली-पीलीभीत बाईपास बनेगा सिक्स लेन, बीडीए ने लगा दी मुहर 

Amrit Vichar Network
Edited By Ateeq Khan
On

बीडीए वीसी सौम्या पांडेय ने किया मार्ग का स्थलीय निरीक्षण

उपाध्यक्ष ने कहा कि बीडीए की प्राथमिकता सिर्फ चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण तक सीमित न रहे, बल्कि यातायात प्रबंधन और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि पूरे पीलीभीत बाईपास मार्ग को मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट नाथ कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। सड़क पर विशिष्ट प्रकाश व्यवस्था, आकर्षक आइकॉनिक एलिमेंट्स और थीम आधारित फोकस दीवारें भी बनाई जाएंगी।

अमृत विचार : बरेली-पीलीभीत बाईपास रोड अब आठ नहीं, छह लेन का बनेगा। बरेली विकास प्राधिकरण ने छह लेन चौड़ीकरण के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है। करीब दो माह पहले तकनीकी कारणों से आठ लेन का टेंडर निरस्त होने के बाद अब नए सिरे से योजना तैयार की गई है। बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने तकनीकी टीम के साथ मार्ग का निरीक्षण भी किया।

इस दौरान बीडीए उपाध्यक्ष ने मुख्य अभियंता, अधिशासी अभियंता और सहायक अभियंता के साथ विश्वविद्यालय-डोहरा रोड चौराहा, बनखंडी नाथ चौराहा और सौ फुटा तिराहे का जायजा लिया। वाहनों के दबाव, सड़क की मौजूदा चौड़ाई और जाम के प्रमुख कारणों का अध्ययन किया गया। प्रस्तावित छह लेन चौड़ीकरण के बाद यातायात को किस प्रकार व्यवस्थित किया जाए, जाम के प्रमुख बिंदुओं को कैसे कम किया जाए और आम नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन कैसे उपलब्ध कराया जाए-इस पर मंथन हुआ। 

सीएम के ड्रीम प्रोजेक्ट की झलक

उपाध्यक्ष ने कहा कि बीडीए की प्राथमिकता सिर्फ चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण तक सीमित न रहे, बल्कि यातायात प्रबंधन और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि पूरे पीलीभीत बाईपास मार्ग को मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट नाथ कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। सड़क पर विशिष्ट प्रकाश व्यवस्था, आकर्षक आइकॉनिक एलिमेंट्स और थीम आधारित फोकस दीवारें भी बनाई जाएंगी।

नाथ कॉरिडोर की थीम 

पीलीभीत बाईपास के पुनर्विकास में नाथ नगरी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का खास ख्याल रखा जाएगा। मार्ग पर पड़ने वाले तीन प्रमुख चौराहों- विश्वविद्यालय-डोहरा रोड चौराहा, बनखंडी नाथ चौराहा और सौ फुटा तिराहे को नाथ कॉरिडोर की थीम पर संवारा जाएगा। इन चौराहों पर पारंपरिक स्थापत्य कला, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था और प्रतीकात्मक संरचनाएं स्थापित की जाएंगी। इससे न केवल शहर के चौराहों का लुक आधुनिक और भव्य नजर आएगा, बल्कि बरेली आने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को शहर में प्रवेश करते ही नाथ नगरी की पौराणिक अनुभूति और समृद्ध विरासत की झलक मिलेगी।

सौ फुटा तिराहे पर फोकस वॉल 

सौ फुटा तिराहे का कायाकल्प बेहद खास अंदाज में करने की योजना है। यहां एक विशाल और कलात्मक 'फोकस वॉल' बनेगी। इस दीवार के माध्यम से मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप नाथ कॉरिडोर की भव्यता को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही बरेली विकास प्राधिकरण की ओर से शहर में चलाई जा रही प्रमुख विकास योजनाओं और भावी परियोजनाओं का विवरण भी इस पर उकेरा जाएगा। बीडीए उपाध्यक्ष का कहना है कि यह फोकस वॉल न सिर्फ तिराहे का मुख्य आकर्षण केंद्र बनेगी, बल्कि चौराहे पर आने-जाने वाले लोगों को शहर के विकास और सांस्कृतिक धरोहर की पूरी जानकारी भी प्रदान करेगी।

योजनाओं को मिलेगी नई रफ्तार

पीलीभीत बाईपास, बरेली शहर को उत्तराखंड और पीलीभीत से जोड़ने वाला बेहद महत्वपूर्ण मार्ग है। बीडीए उपाध्यक्ष ने कहा कि इसके सिक्सलेन बनाने से स्मार्ट सिटी की प्राथमिकताओं और बीडीए की भावी आवासीय व व्यावसायिक योजनाओं को सीधा बल मिलेगा। कहा कि अगले 20 से 25 वर्षों के ट्रैफिक दबाव और बढ़ते शहरीकरण को ध्यान में रखते हुए इसका खाका तैयार किया गया है। बाईपास सुचारू होने से आसपास के व्यावसायिक क्षेत्रों का विस्तार होगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और रियल एस्टेट सेक्टर को भी नई गति मिलेगी।

 

इसे भी पढ़ें-आंसू कमजोरी नहीं! रोने से शरीर और मन को मिलते हैं ये हैरान करने वाले फायदे

 

संबंधित समाचार