Investors Summit में जलवा बिखेरेंगे शहर के स्टार्टअप, Lucknow में लगेगा IIT Kanpur का अलग स्टॉल
लखनऊ में आयोजित इन्वेस्टर्स समिट में कानपुर का स्टार्टअप जलवा बिखेरेगा।
लखनऊ में आयोजित इन्वेस्टर्स समिट में कानपुर का स्टार्टअप जलवा बिखेरेगा। लखनऊ में आईआईटी कानपुर का अलग स्टॉल लगेगा। उद्यमिता विकास के साथ ही पेटेंट की जानकारी दी जाएगी।
कानपुर, अमृत विचार। लखनऊ में 10 से 12 फरवरी तक आयोजित हो रहे Global Investors Summit में IIT के स्टार्टअप अपना जलवा बिखेरेंगे। यहां संस्थान का एक स्टॉल लगाया जाएगा, जिसमें देश और दुनिया में नाम कमा चुके स्टार्टअप की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। समिट में आने वाले उद्यमियों और कारोबारियों को इनकी खूबियों से अवगत कराया जाएगा। उद्यमिता विकास करने वाले युवाओं को रोजगार, कंपनी खड़ी करने और उत्पाद को आगे तक ले जाने की विधा बताएंगे।
आईआईटी के स्टार्टअप इनोवेशन एंड इंक्युबेशन सेंटर के इंचार्ज प्रो. अंकुश शर्मा ने बताया कि ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट में आईआईटी की ओर से स्टॉल लगाया जा रहा है। यहां आधा दर्जन युवा उद्यमी रहेंगे। इसमें मंदिर से निकले फूल और पूजन सामग्री से अगरबत्ती और अन्य उत्पाद बनाने वाले उद्यमी, कोरोना काल में सस्ता वेंटीलेटर, कृत्रिम हाथ बनाने वाले पूर्व छात्र शामिल होंगे।
प्रो. अंकुश के मुताबिक संस्थान की ओर से विकसित की गई आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस, मशीन लर्निंग, डेटा साइंस तकनीक, रोबोटिक्स, ड्रोन आदि की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। यह उपकरण स्वास्थ्य, कृषि, मॉनीटरिंग, सर्विलांस आदि क्षेत्रों से संबंधित रहेंगे। कई स्टार्टअप करने वाले छात्रों को जानकारी दी गई है। चंद सेकेंड में मिट्टी की सेहत बताने वाले भू परिक्षक का मॉडल लगाया जाएगा।
