Global Investors Summit: उद्योगपति संजीव गोयनका ने CM योगी से की मुलाकात, RPSG ग्रुप करेगा 10 हजार करोड़ का निवेश
लखनऊ, अमृत विचार। यूपी में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के जरिये उद्योग और रोजगार को बढ़ने की दिशा में सीएम योगी लगातार काम कर रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को एक और उपलब्धि तब दर्ज हो गई जब देश के प्रतिष्ठित औद्योगिक घराने आरपीएसजी ग्रुप ने प्रदेश में 10 हजार करोड़ के निवेश की घोषणा की। मिली जानकारी के अनुसार ग्रुप के फाउंडर और चेयरमैन डॉ संजीव गोयनका ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के बाद यूपी में इस बड़े निवेश की घोषणा की है।
उल्लेखनीय है कि आरएसपीजी ग्रुप भारतीय मल्टीनेशनल कंपनी है और यह पावर और एनर्जी, कॉर्बन ब्लैक मैन्युफैक्चरिंग, रिटेल, आईटी सर्विस, एफएमसीजी, मीडिया और एंटरटेनमेंट, इंफ्रास्ट्रक्चर व एजुकेशन जैसे क्षेत्रों में काम कर रही है। इसका मुख्यालय कोलकाता में है।
कंपनी के चेयरमैन डॉ संजीव गोयनका ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ बैठक में उत्तर प्रदेश में 10 हजार करोड़ रुपए के निवेश की घोषणा की। रिन्यूएबल्स एनर्जी यानी अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में सबसे ज्यादा 7500 करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा जो प्रदेश सरकार के फोकस सेक्टर्स में भी एक है। इसके अलावा कंपनी बिजली वितरण और रिटेल क्षेत्र में भी एक समान 1000-1000 करोड़ रुपए का निवेश करेगी। यही नहीं उत्तर प्रदेश में खेल अकादमियों को स्थापित करने के लिए भी कंपनी की ओर से 500 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। डॉ गोयनका ने मुलाकात के दौरान सीएम योगी के प्रदेश को तरक्की पर ले जाने के विजन की सराहना की।
ये भी पढ़ें -लखनऊ : मेरे पास समय नहीं है...पठान फिल्म देखने के सवाल पर बोले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
