संभल: मिड डे मील बनाते समय प्रेशर कुकर फटा, दो रसोईया झुलसीं, तीसरी बेहोश
बहजोई थाना इलाके के बहापुर पटटी परिषदीय स्कूल में हुआ हादसा, खाना बनाने के लिए आलू उबालने के समय उड़ा प्रेशर कुकर का ढक्कन, बीएसए ने स्कूलों में निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजाम जांचने के दिए निर्देश
बहजोई (संभल), अमृत विचार। बहजोई के निकट गांव के परिषदीय विद्यालय में मिड डे मील का भोजन बनाते समय प्रेशर कुकर फटने से हादसा हो गया। प्रेशर कुकर का ढक्कन खुला तो खोलता हुआ पानी गिरने से खाना बना रही दो महिला रसोइया झुलस गईं। वहीं तीसरी दहशत से बेहोश हो गई।
बहजोई थाना क्षेत्र के गांव बहापुर पट्टी के प्राथमिक विद्यालय में शनिवार को 11 बजे रसोइया सरोज, सीमा व ओमवती की जगह काम पर आई उसकी बेटी संजू मिड डे मील का भोजन तैयार कर रही थीं। उन्होंने गैस चूल्हे पर आलू उबालने के लिए प्रेशर कुकर रख दिया। कुछ समय बाद प्रेशर कुकर का ढक्कन अचानक उछलकर छत में जा लगा। इसी दौरान कुकर का खोलता हुआ पानी रसोइया सरोज और बच्ची संजू के चेहरे पर जा गिरा जिससे दोनों बुरी तरह झुलस गईं। इसी दौरान तेज आवाज सुनकर दरवाजे पर खड़ी सीमा भी बेहोश होकर गिर पड़ी। धमाके की आवाज सुनकर बच्चों में हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में तीनों रसोइयों को बहजोई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। बाद में उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। मिड डे मील के जिला समन्वयक दीनदयाल शर्मा ने बताया कि कुकर का ढक्कन पिघलने से वह निकल गया और गर्म पानी रसोइयों के चेहरे पर जा गिरा, जिससे दो रसोईया झुलस गईं। जिनका उपचार कराया जा रहा है।
मिड डे मील व समेकित शिक्षा समन्वयक पहुंचे स्कूल
बहजोई। प्रेशर कुकर फटने की सूचना से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में मिड डे मील के जिला समन्वय दीनदयाल शर्मा व समेकित शिक्षा की समन्वयक शैलजा मिश्रा भी स्कूल में पहुंच गए। पहले तो उन्होंने सरकारी अस्पताल पहुंचकर घायल रसोइयों का हाल जाना। जिसके बाद वह स्कूल पहुंचे और हालात का जायजा लिया। घटना जिस कारण से हुई उसकी जांच पड़ताल की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को पूरी घटना की जानकारी दी। साथ ही उन्हें जिला अस्पताल रेफर करने के दौरान भी साथ रहे।
बीएसए ने विद्यालयों में सिलेंडर और चूल्हे की सुरक्षा की जांच के दिए निर्देश
बहजोई। प्राथमिक विद्यालय में प्रेशर कुकर के ढक्कन निकलने की घटना के बाद घायल हुईं रसोइयों की घटना को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग हरकत में आ गया। बीएसए चंद्रशेखर ने हादसे को लापरवाही का एक गंभीर मामला माना। बीएसए ने बताया कि उन्होंने सभी परिषदीय विद्यालयों में जिसमें प्राथमिक विद्यालय व उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक रसोइयों को निर्देश जारी किए हैं कि समय-समय पर गैस चूल्हे, रेगुलेटर के पाइप की नियमों के आधार पर बारीकी से जांच कराई जाए। कुकर की साफ-सफाई ब्रश के माध्यम से की जाए।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: इमरान प्रतापगढ़ी समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा खत्म
