संभल : दुल्हन बदली तो बैठी पंचायत, पर नहीं निकला हल...क्षेत्र में चर्चा का विषय
पिता पर मंडप में दूसरी बेटी बैठाने का आरोप और हो गई शादी, दूल्हे ने देखा दुल्हन का चेहरा तो किया हंगामा
संभल/सौंधन/अमृत विचार। कैला देवी थाना क्षेत्र में हुई शादी के बाद दुल्हन का चेहरा दूल्हे ने देखा तो दूसरी निकली। तब हंगामा खड़ा हो गया। दूल्हे ने दुल्हन बदलने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी तो शनिवार को पंचायत बैठ गई लेकिन, कोई हल नहीं निकल सका। यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना है।
हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के गांव कटौनी निवासी युवक का रिश्ता कैला देवी थाना क्षेत्र के गांव अमावती निवासी युवती के साथ हुआ था। गोद भराई के दौरान युवती के पिता ने छोटी बेटी दिखाई थी। जिसे देखकर युवक और उसके परिजन सहमत हो गए थे। 26 जनवरी को शादी तय हुई और बारात भी पहुंची। आरोप है कि मंडप में पिता ने छोटी बेटी की जगह बड़ी बेटी को बैठा दिया। वह शादी संपन्न होने के बाद दुल्हन के रूप में ससुराल पहुंच गई। जब मुंह दिखाई के दौरान दूल्हे और महिलाओं ने उसका चेहरा देखा तो सभी चौंक गए क्योंकि दुल्हन दूसरी थी। घर में हंगामे का माहौल बना और बात दुल्हन पक्ष के लोगों तक पहुंची।
पंचायत हुई लेकिन कोई हल नहीं निकल सका। जिसके बाद दूल्हे पक्ष ने हजरतनगर गढ़ी थाने में तहरीर दी। शनिवार को मामले को लेकर कैला देवी क्षेत्र के एक गांव में पंचायत हुई। जिसमें दोनों पक्षों के लोग रहे। दूल्हे ने दुल्हन बनकर आई युवती को रखने से इंकार कर दिया। कहा कि गोद भराई के दौरान जिस युवती को दिखाया था उसी के साथ शादी कराई जाए। जिसके बाद युवती पक्ष के लोग पंचायत से उठकर चले गए।
ये भी पढ़ें : संभल: दुष्कर्म पीड़िता ने दिया बेटी को जन्म, चार दिन बाद बच्ची की मौत
