सरकार बस जमा-जुबानी, सदन में उठाएंगे जनहित के मुद्दे :अवधेश
अयोध्या, अमृत विचार। पूर्व मंत्री और सपा के राष्ट्रीय महासचिव अवधेश प्रसाद ने कहा कि महंगाई बेरोजगारी, छुट्टा पशुओं से आम जनमानस त्रस्त है। भ्रष्टाचार चरम पर है। सरकार बस जमा-जुबानी तक सीमित हो गई है। बजट सत्र में पार्टी आम जन के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष होगा।
रविवार को वह सिविल लाइन स्थित एक होटल में मीडिया से मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि छुट्टा पशु अब फसल ही नहीं बर्बाद कर रहे बल्कि किसानों की जान लेने पर अमादा हैं। कई वर्षों से यह मुद्दा उठाया जा रहा है लेकिन सरकार ने कोई सार्थक कदम नहीं उठाया। निदान के लिए मंत्रालय तथा बजट की मांग उठाई। कहा कि जनहित की योजनाएं फाइलों में कैद हो गई हैं। राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के ही जिले में दो हजार से ज्यादा आवेदन लंबित हैं। किसान के घर गेंहू नहीं बचा और आटा 40 रुपये किलो बिक रहा है।
पूर्व मंत्री ने कहा स्वास्थ्य का हाल तो और भी बदतर है। अस्पताल में 50 फीसदी दवाएं है ही नहीं। 56 के सापेक्ष केवल 20 चिकित्सक की तैनाती है जबकि वर्ष 1996 में ही जिला अस्पताल में 46 डॉक्टर थे। रेडियोलॉजिस्ट का पद खाली है। चार माह से बीपी मशीन खराब है। सरकारी दावों के वितरीत हाल यह है कि छह माह से ग्लुकोज की बोतल तक मरीजों को नहीं मिल रही है। आरोप लगाया कि शिक्षा को महंगी कर लोगों को शिक्षा से वंचित करने तथा सरकारी संस्थाओं का निजीकरण कर नौकरी से दूर करने और आरक्षण को खत्म करने की सोची समझी साजिश की जा रही है। इसे सपा बर्दाश्त नहीं करेगी। इस अवसर पर निवर्तमान जिलाध्यक्ष गंगा सिंह यादव व निवर्तमान जिला महासचिव बख्तियार खान मौजूद रहे।
