रायबरेली: रेलवे ट्रैक पर मिला किशोरी का शव , मां बोली- नशेड़ी सौतेले बेटे ने की हत्या
ऊंचाहार/ रायबरेली, अमृत विचार। एक किशोरी का शव उसके गांव के पास रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध अवस्था में मिला है ।मृतका की मां ने अपने सौतेले बेटे तथा सास-ससुर पर हत्या करके शव को रेलवे ट्रैक पर फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है ।
घटना ऊंचाहार-रायबरेली रेल खंड पर रामचंद्रपुर गांव के सामने की है। गांव की रहने वाली स्वाति (16 वर्ष )पुत्री राजेंद्र कुमार का शव रविवार की देर रात गांव के पास रेलवे ट्रैक पर मिला है। किशोरी का शव मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतका की मां रन्नो देवी ने अपने सौतेले बेटे सचिन कुमार, सास महादेवी, ससुर छोटेलाल और गांव के राकेश कुमार पर हत्या करके शव को रेलवे ट्रैक पर फेंकने का आरोप लगाया है।
मृतका की मां का आरोप है कि नशेड़ी सौतेले भाई सचिन ने घर से खाद्यान्न ले जाकर बेच लिया था। जिसका विरोध उसकी बेटी ने किया था। इसके बाद उसकी हत्या करके उसके शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया है। पीड़िता ने इस मामले में कोतवाली में तहरीर भी दी है। कोतवाल बालेंदु गौतम का कहना है कि किशोरी के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटना की जांच की जा रही है।
मृतका थी पहले पति की बेटी
रेलवे ट्रैक पर मृत मिली किशोरी स्वाति अपनी मां के पूर्व पति की पुत्री थी। रामचंद्रपुर गांव निवासी राजेंद्र कुमार का विवाह क्षेत्र के गांव दिग्तन का पुरवा निवासी रीता के साथ हुआ था। रीता से एक पुत्र सचिन पैदा हुआ था। उसके बाद रीता की मौत हो गई थी। रीता की मौत के बाद राजेंद्र कुमार ने अंबाराम मथई गांव निवासी रन्नो देवी के साथ पुनर्विवाह किया था। रन्नो देवी की भी शादी हो चुकी थी और उसके एक पुत्री स्वाति थी । रन्नो अपने पूर्व पति की पुत्री स्वाति को साथ लेकर राजेंद्र कुमार के घर आई थी। जबकि राजेंद्र के पूर्व पत्नी का बेटा सचिन अपने दादा दादी के साथ रहता था।
रन्नो का आरोप है कि सचिन नशेड़ी है, और वह अपने नशे की आवश्यकता की पूर्ति के लिए घर का खाद्यान्न आदि बेचा करता है। स्वाति अक्सर उसकी इस हरकत का विरोध करती थी। इसी कारण से उसने स्वाति का मुंह दबाकर हत्या कर दी और उसके बाद अपने दादा दादी के साथ मिलकर उसके शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया।
ये भी पढ़ें -कौशांबी: मां के पास सो रही दुधमुंही बच्ची गायब, पानी की टंकी में मिला शव
