मुरादाबाद : उप निदेशक शहरी निकाय ने शहर में देखी सफाई व्यवस्था, कंट्रोल सेंटर से ली निगरानी की जानकारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

डिप्टी डायरेक्टर शहरी निकाय लखनऊ डा. सुनील यादव ने शहर के भ्रमण के साथ एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया

स्मार्ट सिटी के सीईओ नगर आयुक्त संजय चौहान ने परियोजनाओं की प्रगति बताई

मुरादाबाद,अमृत विचार। लखनऊ से आए उप निदेशक शहरी विकास डा. सुनील कुमार यादव ने सोमवार को शहर में सफाई व्यवस्था, कूड़ा निस्तारण और प्रबंधन के साथ ही एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया। उनके साथ आए नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों ने स्मार्ट सिटी मिशन के कार्यों को समझा। नगर निगम के पीलीकोठी स्थित एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में शहर के निगरानी के लिए बने सिस्टम की जानकारी लेने के दौरान उप निदेशक और टीम को मुरादाबाद स्मार्ट सिटी की परियोजनाओं के बारे में एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में डिजिटल  स्क्रीन पर डिस्प्ले कर दिखाया गया। 

स्मार्ट सिटी के सीईओ नगर आयुक्त संजय चौहान ने परियोजनाओं की प्रगति बताई। नगर आयुक्त ने बताया कि इस कंट्रोल सेंटर से पूरे शहर की निगरानी हो रही है। कंट्रोल सेंटर से शहर के कोहिनूर तिराहे की लोकेशन दिखाकर वहां वाहनों की आवाजाही, सड़क टूटने की स्थिति की जानकारी ली गई। उन्होंने बताया कि कंट्रोल सेंटर के नंबर पर फोन कर नागरिक मौके से अपनी समस्या भी समस्या बता सकते हैं।  उन्होंने बताया कि इस कंट्रोल सेंटर से जुड़े 263 कैमरा में 233 फिक्स कैमरे और 34 मूविंग कैमरे हैं। जिससे पूरे शहर की निगरानी की जा रही है।

आपातकालीन स्थिति में जन सामान्य के लिए 36 पब्लिक एड्रेस सिस्टम अलग अलग प्वाइंट्स पर बने हैं। जिसके जरिए अपने परिजनों या आपात स्थिति में किसी भी मदद के लिए कंट्रोल सेंटर में फोनकर जानकारी दी जा सकती है।  सीईओ ने बताया कि एक्यूआई में मुरादाबाद देश में नंबर एक पर रह चुका है। इसके लिए पांच जगह पर मानीटरिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इस दौरान अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह, अतुल कुमार, पर्यावरण अभियंता राजीव कुमार राठी, स्मार्ट सिटी मिशन के नोडल अधिकारी टीएन मिश्र, मुख्य अभियंता अनिल कुमार मित्तल, जोनल सैनेटरी आफिसर महेश चंद्र शर्मा आदि मौजूद थे।

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद : आरएसडी में सात दिवसीय एनएसएस शिविर का हुआ प्रारंभ, मन लगाकर कार्य करने के लिए किया प्रेरित

संबंधित समाचार