हल्द्वानी: आंचल ने दुग्ध उत्पादकों के दो रुपए प्रतिलीटर बढ़ाए दाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी,अमृत विचार। आंचल ने जनपद में 595 दुग्ध समितियों से जुड़े 30 हजार उत्पादकों को बड़ी राहत देते हुए दुग्ध मूल्य में दो रुपये प्रतिलीटर की बढ़ोत्तरी की है। साथ ही व्यवसायिक दृष्टिकोण से बाजार की समीक्षा के बाद आंचल दुग्ध उत्पाद दरों का निर्धारण करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में सोमवार को आदेश जारी कर दिया गया है।

 दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश सिंह बोरा ने बताया कि विभागीय मंत्री सौरभ बहुगुणा ने सभी दुग्ध उत्पादकों को दुग्ध उत्पादन लागत मूल्य देने के निर्देश दिये हैं। इसके तहत नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लालकुआं की प्रबंध कमेटी ने जनपद के सभी दुग्ध उत्पादकों से क्रय किये जा रहे दूध मूल्य में प्रतिलीटर दो रुपये बढ़ाने का निर्णय लिया है।

वर्तमान क्रय दर 41 रुपये प्रतिलीटर 9 फरवरी 2023 से 43 रुपये प्रतिलीटर निर्धारित की गई है, जो वर्ष अंतर्गत तीसरी बार की वृद्धि है। इससे निश्चित ही किसानों की दुग्ध लागत मूल्य की भरपाई होगी। अध्यक्ष बोरा ने बताया कि आंचल दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों की दरों का निर्धारण बाजार की समीक्षा के बाद किया जाएगा। ताकि वर्तमान में गतिमान दुग्ध कार्यकलाप प्रभावित न हो। कहा कि दुग्ध समितियों के माध्यम से दुग्ध उत्पादकों को लाभान्वित करने के लिए संघ बेहतर प्रयास कर रहा है।

जिसके तहत जनपद में पशु चिकित्सा सुविधा के साथ-साथ नियमित रूप से आकस्मिक पशु चिकित्सा, पशु रोग निवारण कैंप, संक्रामक रोगों से सुरक्षा के लिए रोगप्रतिरोध टीकाकरण कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं। साथ ही एनसीडीसी योजना अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर व मेहनतकष दुग्ध उत्पादक सदस्यों को दूधारू पशु क्रय करने के लिए अनुदान में ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

वहीं दुग्ध मूल्य प्रोत्साहन, पशु पोषण अनुदान, भूसा अनुदान डीबीटी के माध्यम से प्रत्येक दुग्ध उत्पादक के खाते में सीधे भुगतान किया जा रहा है। इस दौरान दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक निर्भय नारायण सिंह, प्रभारी वित्त उमेश पढालनी, प्रभारी विपणन संजय भाकुनी, प्रभारी एमआईएस पीएस खत्री, प्रभारी एफओ हेमन्त चैनाल आदि उपस्थित थे ।

संबंधित समाचार