संभल: बस में स्कूटी घुसने से मासूम की मौत, दो भाइयों समेत तीन घायल
मनोटा-चौधरपुर मार्ग पर हुआ हादसा, घायलों का निजी अस्पताल में चल रहा उपचार
संभल/ओबरी, अमृत विचार। असमोली थाना क्षेत्र में निजी बस में पीछे से स्कूटी घुसने से मासूम की मौत हो गई, जबकि दो सगे भाइयों समेत तीन किशोर घायल हो गए। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने मासूम को दफन कर दिया। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जनपद अमरोहा के गांव नगला निवासी याकूब का सात वर्षीय बेटा मोहम्मद शमी परिजनों के साथ कई दिन पहले चचेरे मामा की शादी में शामिल होने के लिए थाना डिडौली क्षेत्र के गांव भवालपुर में आया था। सोमवार सुबह करीब 10 बजे मोहम्मद शमी मामा मोहम्मद यूनुस के बेटे मोहम्मद शुऐब, समीर व यूसुफ के बेटे सादिक अली के साथ स्कूटी से असमोली थाना क्षेत्र के गांव शहबाजपुर कला पहुंचा। यहां से लौटते वक्त मोहम्मद शमी स्कूटी के आगे खड़ा हो गया, जबकि स्कूटी शुऐब चला रहा था।
जैसे ही स्कूटी सवार मनोटा-चौधरपुर मार्ग पर स्थित गांव शहबाजपुर कला में ही एक पैट्रोल पंप के पास पहुंची तभी पाकबड़ा-सैदनगली के लिए चलने वाली बस के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे चल रही स्कूटी बस में घुस गई। हादसे में मोहम्मद शमी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन किशोर घायल हो गए। आसपास के लोगों की मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर परिजन भी पहुंच गए। मोहम्मद शमी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराते हुए उपचार शुरू कराया गया। परिजनों ने बिना कार्रवाई के मासूम का शव दफन कर दिया।
ये भी पढ़ें:- संभल: मानसिक रूप से परेशान बेटी ने पिता की काटी गर्दन, हालत गंभीर
