Kanpur Dehat: Global Investors Summit में 17 हजार करोड़ के 164 निवेश प्रस्ताव, 70 हजार लोगों को रोजगार की संभावना
Kanpur Dehat News कानपुर देहात में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 17 हजार करोड़ के 164 निवेश प्रस्ताव।
Kanpur Dehat News कानपुर देहात में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 17 हजार करोड़ के 164 निवेश प्रस्ताव हो गए। जनपद में निवेश से 70 हजार लोगों को रोजगार की संभावना। कैबिनेट मंत्री ने निवेशकों को लखनऊ में 10 से 12 फरवरी को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में आमंत्रित किया।
कानपुर देहात, अमृत विचार। Kanpur Dehat News जनपद को देहात से ग्रेटर कानपुर बनाने के लिए जिलाधिकारी की विशेष पहल सोमवार को रंग लाई। रंगारंग कार्यक्रमों के बीच इन्वेस्टर्स समिट व कानपुर देहात महोत्सव का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने किया। इस दौरान करीब 17 हजार करोड़ रुपये के 164 निवेश प्रस्ताव प्राप्त होने की जानकारी दी गई। जिससे करीब 70 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की संभावना रहेगी।

सोमवार को माती ईको पार्क में इन्वेस्टर्स समिट व कानपुर देहात महोत्सव कार्यक्रम का मुख्य अतिथि सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम खादी एवं ग्रामोद्योग रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्र उद्योग के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के सपने को पूरा करने के लिए जनपद में चल रहे प्रयासों की सराहना की। कहा कि कानपुर देहात में भूमि सस्ती दरों एवं सुगमता से उपलब्ध है और फूड प्रोसेसिंग, लाॅजिस्टिक, बेयर हाउजिंग, इलेक्ट्रानिक व्हीकल एवं पर्यटन के क्षेत्र में निवेश की अपार संभावनाएं है। ओडीओपी कार्यक्रम के तहत जनपद प्लास्टिक क्लस्टर के रूप में विकसित हो रहा है।
क्लस्टर बड़ी मात्रा में प्लास्टिक के री-साइकिल्ड उत्पादों का उत्पादन करता है। उन्होंने विभाग की संचालित विभिन्न योजनाओं एवं नवीन औद्योगिक नीतियों को बताते हुए उद्यमियों को जनपद में निवेश के लिए आमंत्रित किया और मुख्यमंत्री के ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट कार्यक्रम के प्रयासों, रोड शो आदि के संबंध में विस्तृत चर्चा की। साथ ही सभी निवेशकों को लखनऊ में 10 से 12 फरवरी को आयोजित होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए आमंत्रित किया।

समिट में प्रतिभाग वाले उद्यमियों को डीएम नेहा जैन ने धन्यवाद देते हुए कहा कि उद्यमियों से जुड़ी जो भी समस्याएं है। उनका प्रशासन त्वरित समाधान करेगा। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने सभी उद्यमियों को कानपुर देहात इन्वेस्टर्स समिट की शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया। उन्होंने अधिकारियों व उद्यमियों के साथ स्टालों में लगे उत्पादों को देखा। इस मौके पर करीब 400 से अधिक उद्यमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रिन्स गु्रप के कलाकारों ने बेहतरीन नृत्य प्रस्तुति दी।
उद्यमियों से नए एमएसएमई निजी पार्क विकसित करने का आवाहन
इन्वेस्टर्स समिट में संयुक्त आयुक्त उद्योग कानपुर सर्वेश्वर शुक्ला ने उद्योगों से संबंधित सभी नवीन नीतियों का संक्षिप्त प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने कहा कि कानपुर देहात औद्योगिक परिवेश के लिए उभरता हुआ जनपद है और यहां उद्योगों के विकास की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने उद्यमियों से नए एमएसएमई निजी पार्क विकसित करने का आवाहन किया। जिसके क्रम में उद्यमी विजय गुप्ता ने सहमति दी। उद्यमी विनय प्रकाश गुप्ता ने भी फ्लेटेड फैक्ट्री बनाने की सहमति दी। एचबीटीआई की असिस्टेंट प्रोफेसर डाॅ. सोमा बनर्जी ने जनपद के ओडीओपी प्रोडक्ट प्लास्टिक के क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं एवं सिंगल यूज प्लास्टिक के विकल्पों पर भी अपने विचार दिए। आईआईए कानपुर देहात के चेयरमैन राजीव शर्मा ने कार्यक्रम के भव्य आयोजन पर जिला प्रशासन की प्रशंसा की। इस दौरान उद्यमी विजय अग्रवाल स्पर्श इंडस्ट्रीज, हरदीप सिंह राखरा, पीआईए अध्यक्ष मनोज बंका ने अपने विचार रखते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन की सराहना की।
इन उद्यमों के सबसे अधिक निवेश प्रस्ताव
इन्वेस्टर्स समिट के दौरान सबसे ज्यादा निवेश करने वाले में स्पर्श इन्डस्ट्रीज 2 हजार करोड़, कैप्टन स्टील इंडिया 1650 करोड़, रैमिकी इन्फ्रा स्ट्रक्चर 1500 करोड़, एचएल एग्ग्रो 550 करोड़, कानपुर एडिबल मयूर 500 करोड़, कानपुर प्लास्टिक पैक 300 करोड़, आरएसपीएल गु्रप ने 200 करोड़ के निवेश प्रस्ताव भरे।
महोत्सव में सुबह से उमड़ी लोगों की भीड़
इन्वेस्टर्स समिट व कानपुर देहात महोत्सव के पहले दिन लोगों की भीड़ सुबह से ही माती ईको पार्क पहुंचना शुरू हो गई। वाहनों का रेला अधिक होने पर दोपहर बाद अकबरपुर से माती आने वाले रोड के एडीएम आवास मोड़ के पास से वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई। जिसके चलते लोग कचहरी से झांसी-कानपुर हाइवे होते हुए नबीपुर की ओर जाने के लिए मजबूर हुए। वहीं कई बार वाहनों के ले जाने पर पुलिस कर्मियों से लोगों की नोकझोंक भी हुई।
