मुरादाबाद : शहर के क्षितिज शैलेंद्र इलाहाबाद हाई कोर्ट में न्यायाधीश मनोनीत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

परिजनों और संबंधियों में हर्ष अधिवक्ताओं ने न्यायाधीश बनने पर जताई खुशी

मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले के वरिष्ठ अधिवक्ता रहे शैलेंद्र कुमार जौहरी के पुत्र क्षितिज शैलेंद्र को इलाहाबाद उच्च न्यायालय का न्यायाधीश मनोनीत किया गया है। इनका मनोनयन दो साल के लिए किया गया है। उच्च न्यायालय व सर्वोच्च न्यायालय के कॉलेजियम की स्वीकृति के बाद केंद्र सरकार ने सोमवार को अधिसूचना जारी की। इससे परिवार और अधिवक्ताओं ने खुशी जताई है। 

क्षितिज शैलेंद्र की शिक्षा-दीक्षा यहीं पर हुई। एचएसबी इंटर कॉलेज, हिन्दू कॉलेज के अलावा उन्होंने केजीके कॉलेज में अपनी शिक्षा पूरी की। जिला कचहरी में पिता के साथ वकालत करने के बाद क्षितिज शैलेंद्र ने 20 वर्ष इलाहाबाद उच्च न्यायालय में वकालत की। उनकी पत्नी मीनल शैलेंद्र ने बताया कि इस सफलता के पीछे क्षितिज का गहन ज्ञान, सतत अभ्यास, ईमानदारी तथा कर्तव्यनिष्ठता की अहम भूमिका है। उनके दो पुत्र कनिष्क जौहरी, अंतरिक्ष जौहरी हैं। परिवार में उनकी मां स्व. निर्मला जौहरी बलदेव आर्य कन्या इंटर कॉलेज में अध्यापिका के पद पर कार्यरत रहीं। बताया कि क्षितिज शैलेंद्र संगीत, क्रिकेट, शतरंज, काव्य जगत आदि में भी अपना योगदान देते रहते हैं। 

उनके दो साल के लिए मनोनयन का पत्र राजेंद्र कश्यप अतिरिक्त सचिव भारत सरकार जैसलमेर हाउस मान सिंह रोड नई दिल्ली ने जारी किया है। उनके मनोनयन पर द बार एंड लाइब्रेरी मुरादाबाद के वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य सुरेश चंद्र गुप्ता आदि ने बधाई दी है। सिविल लॉयर्स फोरम के सचिव राम मोहन श्रीवास्तव एडवोकेट ने बताया कि मंगलवार को क्षितिज शैलेंद्र के उच्च न्यायालय में न्यायाधीश बनने की खुशी में दोपहर 1.30 बजे यूथ बार एसोसिएशन हाल में मिष्ठान वितरित किया जाएगा। इसमें फोरम के सभी सदस्यों से उपस्थित रहने का आह्वान किया गया है।

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद : बोर्ड परीक्षा की तैयारियां लगभग पूरी... पांच जोन में बांटा जिला, 27 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात

संबंधित समाचार