मुरादाबाद: ट्रेन की चपेट में आकर फर्मकर्मी की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

साढ़ू के घर जाने के लिए कहकर घर से निकला था कृपाल, कटघर के कल्याणपुर की मैढ़या के पास रेलवे ट्रैक पर मिला शव

मुरादाबाद, अमृत विचार। घर से साढ़ू के घर जाने की बात कहकर निकले फर्मकर्मी की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। रेलवे ट्रैक किनारे शव मिलने की सूचना पर पहुंची कटघर पुलिस ने मृतक के फोन से परिजनों को सूचना दी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

कटघर थाना क्षेत्र के गांव बलदेवपुरी निवासी 60 वर्षीय कृपाल सिंह सैनी पीतल नगरी गेट स्थित एक फर्म में पॉलिश कारीगर थे। छोटे भाई पप्पू सैनी ने बताया कि मंगलवार सुबह नाश्ता करने के बाद वह कल्याणपुर की मढै़या में रहने वाले अपने साढ़ू किशना के घर जाने को कहकर निकले थे। कल्याणपुर की मढै़या के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

 किसी ने रेलवे ट्रैक किनारे शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलने पर कटघर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के फोन से कॉल करके परिजनों को जानकारी दी। मजदूर की मौत की खबर मिलते ही रोते-बिलखते परिवार वाले मौके पर पहुंच गए। उनके परिवार में पत्नी नन्ही, दो बेटे बॉबी और मोनू तथा पांच बेटी रविता, नीतू, पूजा, चंचल तथा शीतल हैं। रविता और नीतू की शादी हो चुकी है। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: कैंटर की टक्कर से किसान की मौत, पिता गंभीर

संबंधित समाचार