मुरादाबाद : 314 करोड़ से बढ़ेगा रामगंगा किनारे ग्रीन बेल्ट का दायरा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बच्चों के लिए झूले और ओपन जिम बनेगा, शहर में फाइबर के इनबिल्ट टायलेट लगाए जाएंगे

पीलीकोठी स्थित परिसर में खड़े नगर निगम के वाहन।

विनोद श्रीवास्तव, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी में रामगंगा किनारे ग्रीन बेल्ट का दायरा और बढ़ाकर ग्रीन हरित पट्टी के माध्यम से प्रदूषण कम किया जाएगा। साथ ही वातावरण में शुद्ध ऑक्सीजन बढ़ने से बीमारियों पर भी अंकुश लगेगा। नगर निगम प्रशासन ने इसके लिए कदम बढ़ाया है। 313.56 करोड़ रुपये से इस कार्य को किया जाएगा। इसमें सौंदर्यीकरण के कार्य भी होंगे। 

बढ़ते प्रदूषण से मानव जीवन पर खतरे को देखते हुए मुरादाबाद स्मार्ट सिटी में हरित पट्टी का विकास किया जाएगा। 313.56 करोड़ रुपये खर्च कर रामगंगा किनारे ग्रीन बेल्ट का दायरा बढ़ाया जाएगा। इसमें नये क्षेत्र में पौधरोपण आदि के कार्य के साथ बच्चों के लिए झूले और ओपन जिम भी लगेगा। जिसमें सुबह शाम की सैर करने वाले ताजी हवा के बीच कसरत कर खुद को चुस्त दुरुस्त और स्वस्थ्य रख सकेंगे। 

सिविल लाइंस क्षेत्र में अटल पथ और पुलिस अकादमी होते हुए कांठ रोड पर जिलाधिकारी के आवास सहित पीलीकोठी तक ग्रीन बेल्ट बनाई गई है। इस क्षेत्र में कई ऐसे पौधे लगाए गए हैं जो वर्षों तक सुरक्षित रहते हैं। इन पेड़ों पर इनकी उम्र भी लिखी गई है। इसी तरह अब कटघर क्षेत्र में भी रामगंगा किनारे ग्रीन बेल्ट का दायरा बढ़ाकर उसका सौंदर्यीकरण और पौधरोपण किया जाएगा। इससे इस क्षेत्र में प्राण वायु ऑक्सीजन भरपूर मिलेगी। इस क्षेत्र को सुसज्जित कर सुंदर बनाया जाएगा। जिससे लोगों को यह इलाका आकर्षित कर सके।

फाइबर का इनबिल्ट टायलेट भी लगेगा
इस ग्रीन बेल्ट में जन सामान्य की सुविधा के लिए फाइबर का इनबिल्ट शौचालय भी बनेगा। जिससे यहां टहलने आने वाले लोगों को परेशानी न हो। इससे खुले में शौच या लघुशंका जाने की जरूरत नहीं होगी। थोड़ी-थोड़ी दूर पर यह फाइबर का टायलेट लगाया जाएगा।

ट्रंचिंग ग्राउंड की चहारदीवारी के पास होगा सौंदर्यीकरण
नगर निगम के ट्रंचिंग ग्राउंड के चहारदीवारी से सटे क्षेत्र में सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसकी दीवारों की रंगाई-पुताई कर पौधे रोपे जाएंगे। जिससे आने जाने वालों को यहां बदबू के चलते नाक पर रुमाल लगाने की जरूरत न हो। 

शहर को हरा भरा व शुद्ध पर्यावरण देने के लिए हर प्रयास हो रहे हैं। नागरिकों को सुकून का पल ग्रीन बेल्ट में आरामदायक तरीके से बिताने के लिए इसका दायरा और बढ़ाया जाएगा। 313.56 करोड़ रुपये खर्च कर रामगंगा किनारे ग्रीन बेल्ट का दायरा बढ़ाते हुए सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। साथ ही पुराने ग्रीन बेल्ट का जीर्णोद्धार भी होगा। नागरिकों से भी इसे संरक्षित रखने में सहयोग की उम्मीद रहेगी। -राजीव कुमार राठी, पर्यावरण अभियंता, नगर निगम

निगम क्षेत्र को पूरी तरह स्मार्ट और सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए काम चल रहा है। कूड़ा उठान से लेकर निगम के वाहनों की मानीटरिंग भी एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से होगी। सेंसरयुक्त डस्टबिन से कूड़ा उठान की पूरी जानकारी मिलेगी। नागरिक इसके बारे में अपना फीडबैक और कमी की शिकायत भी कर सकेंगे। -संजय चौहान, नगर आयुक्त व सीईओ स्मार्ट सिटी

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद : चिंताजनक! 48 प्रतिशत किशोरियां एनीमिया की शिकार, स्वास्थ्य विभाग के सर्वे में खुली पोल

संबंधित समाचार