Global Investors Summit: मानो सरकार के अंगने में हो शादी, 40 देशों से आएंगे ’बाराती’, सजधज कर तैयार हो रही राजधानी
अजय दयाल, लखनऊ। राजधानी दुल्हन की तरह सजकर तैयार हो रही है। तैयारियां इस कदर कि आंखें चौंधिया जातीं हैं। मानो सरकार के अंगने में शादी हो। बाराती (मेहमान) 40 देशों से आएंगे। न्योता बांट दिया गया है। न्योता देने राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्रीगण 16 देशों का दौरा पहले ही कर चुके हैं।
अब यहां मेहमानों का स्वागत खुद राज्य के मुखिया योगी आदित्यनाथ करेंगे। ओडीओपी उत्पाद का गिफ्ट भी देंगे। तीन दिन तक रतजगा, नाच-गाना, निवेश मंथन और फिर शाही भोज भी। दस हजार से ज्यादा मेहमान होंगे। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत एक दर्जन से भी अधिक कैबिनेट मिनिस्टर्स, फिल्मी सितारे, कलाकार चार चांद लगाएंगे।
मौका ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (10-12 ) का है। मुख्य आयोजन स्थल (वृंदावन विहार) पर 25 हजार वर्ग मीटर के क्षेत्र में वाटरप्रूफ पंडाल तन चुके हैं। शहर के चप्पे-चप्पे पर इसकी भव्यता दिखाई दे रही है। बड़े-बड़े होर्डिंग्स और बैनर लगे हुए हैं। झालर, कलाकृतियां, रंगीन झंडे, चकाचौंध करतीं लाईटिंग, सड़कों, चौराहों पर पेन्टिंग्स।

मानो ट्रैफिक सिंग्नल, स्ट्रीट लाईट्स भी अब खुद-ब-खुद ठीक होकर अलर्ट मोड में हों। गढ्डामुक्त सड़क अभियान में भी अपने लुक से अप-टू-डेट न हो सकीं सड़कें ‘डाई लगाकर’ सुंदर नजर आ रहीं हैं। राजधानी को दुल्हन सरीखा करने में एलडीए, नगर निगम, एनएचआई, पीडब्ल्यूडी और लेसा वाले ‘ब्यूटी पार्लर’ वाले बने हुए हैं।
सजावट की इस कवायद में अलग-अलग विभागों का इनवेस्टमेंट मिलाकर लगभग 126 करोड़ का बजट होगा। मेहमानों को टिकाने के लिए शहरभर के 45 होटल बुक हैं। ‘जनवासा’ तो तीन टेण्ट सिटी भी बनेगी। मेहमान आने भी लगे हैं। एयरपोर्ट से लेकर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान तक तकरीबन 25 किलोमीटर के रास्ता जगमग है।
यहां तक कि रात में सुरक्षा की नजर से सोलर ब्लिंकर, कैट आई डिवाइस लगीं हैं। रास्तों पर लगे रंगे-बिरंगे झण्डे, सजावट सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं। चहुंओर स्वच्छता का खास ध्यान रखा जा रहा है। मेहमानों (निवेशकों) को लुभाने के लिए पार्कों का भी रंग-रोगन कर हुलिया दुरुस्त किया गया है।
‘प्री-वेडिंग प्रोग्राम’ की तरह दो दिन पहले से ही इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजन शुरु हो जाएंगे। मौका ‘वेलेन्टाइन वीक’ का है। इसी दौरान नये मेहमानों से रिश्ते बनेंगे। रिश्ते बनेंगे तो सूबे का सपना भी साकार होगा। यह सपना तकरीबन 25 लाख करोड़ के निवेश को उप्र. की जमीं पर उतारने का है।
अतिथियों के साथ आम नागरिकों को आवागमन में असुविधा न हो इसके निर्देश जारी हो चुके हैं। वीवीआईपी रूट के लिए मुख्य मार्ग के साथ वैकल्पिक रास्ते भी तय होंगे। इन रूट पर पुलिस फोर्स पर्याप्त होगी। विभिन्न होटलों में ठहरे मेहमानों को आयोजन स्थल पर पहुंचने में लगने वाले समय और रूट को होटल के रिसेप्शन पर प्रदर्शित किया जाना है ...दुर्गा शंकर मिश्र, मुख्य सचिव।
एक नजर में महाआयोजन
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं एयरपोर्ट से लेकर एक-एक कार्यक्रम स्थल तक का जायजा ले रहे हैं।
- इन्वेस्टर्स समिट की खास बात यह है कि निवेश का पूरा होमवर्क किया जा चुका है।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसकी शुरुआत करेंगे अगले दो दिन के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी यहां मौजूद होंगी।
- तीन दिन में 10 हजार भारतीय और 400 से अधिक विदेशी मेहमान आएंगे।
- आयोजन स्थल पर 250 ट्वायलेट्स बनाये गये हैं, सफाई को 1000 सफाई कर्मी जुट गये हैं।
- समिट के साझेदार देशों और उद्यमियों को 636 वर्ग मीटर जगह रिजर्व की गई है।
- विभिन्न सरकारी विभागों की प्रदर्शनी 5268 वर्ग मीटर की जमीन पर लगेंगी।
- निजी कंपनियों की ओर से 13 हजार वर्ग मीटर से अधिक जमीन पर 172 स्टॉल लगाए जाएंगे।
यह भी पढ़ें:-जानिए कौन हैं अभिषेक सिंह जो बेवफाई में बन गए IAS, जिन्हें योगी सरकार ने किया निलंबित, एक्टिंग का भी है शौक
