मुरादाबाद : अरे! डीएम साहब आ गए, जल्दी सीट पर बैठ जाओ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नियंत्रण कक्ष में व्यवस्थाओं की जांच करने पहुंचे जिलाधिकारी की गाड़ी का हॉर्न सुन बाबू ने किया सचेत

मुरादाबाद।  अरे! डीएम साहब आ गए, अपनी-अपनी सीट पर बैठ जाओ जल्दी। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पहुंचे जिलाधिकारी की गाड़ी का हॉर्न सुनकर वहां तैनात बाबू ने अपने सहयोगियों को आगाह करते हुए कहा। जिसे सुन सभी अपने कार्यों में जुट गए। जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह गाड़ी से उतरे और कर्मियों का अभिवादन स्वीकारते हुए नियंत्रक कक्ष पहुंचे। जहां उन्होंने सबसे पहले डीवीआर में ठाकुरद्वारा के केंद्रों दिखाने के निर्देश दिए और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही गत वर्ष हुई नकल की घटना की याद दिलाते हुए इस बार सख्ती व निगरानी की हिदायत दी। 

बुधवार दोपहर एक बजे जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में बने नियंत्रण कक्ष का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने केंद्रों पर वॉयस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी के संबंध में जानकारी ली। साथ ही सभी केंद्र नियंत्रण कक्ष से सही प्रकार से जुड़ गए है या नहीं, इसके संबंध में भी पूछताछ की। डीआईओएस डॉ. अरुण कुमार दुबे ने बताया कि सात कंप्यूटर लगाए गए हैं। जिन्हें 266 डीवीआर से जोड़ा गया है। एक सिस्टम से 16 केंद्रों को कनेक्ट किया गया है। जिन्हें लाइव देखा जाएगा। इस पर डीएम ने स्ट्रांग रूम की निगरानी बढ़ाने और नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे सक्रिय रखने पर जोर दिया। 
साथ ही नियंत्रण कक्ष में एक कर्मी की रात में भी ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। कहा कि प्रश्न-पत्रों की दिन-रात निगरानी रहेगी। इस बार किसी प्रकार की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कितने कर्मचारी लगाए जाएंगे इसका चार्ट बनाकर उपलब्ध कराएं। 

जीआईसी का भी किया निरीक्षण 
जिलाधिकारी व एसएसपी जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में बने कंट्रोल रूम का निरीक्षण करने के बाद जीआईसी पहुंचे। जहां उन्होंने उत्तरपुस्तिकाओं के रखरखाव, स्ट्रांग रूम समेत अन्य व्यवस्थाओं को परखा। मौके पर स्ट्रांग रूम का लॉक सील मिला। इसके बाद उन्होंने डीवीआर व सीसीटीवी के माध्यम से कक्षों को देखा।

सर्विलांस टीम की निगरानी तेज
एसएसपी हेमराज मीना ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में सर्विलांस की टीम सक्रिय कर दी गई है। शासन के सख्त निर्देश हैं कि नकल कराने वाले व करने वालों पर रासुका की कार्रवाई की जाए। बताया कि हर केंद्र पर गार्ड समेत पांच पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा एसडीएम व सीओ को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

चिंताजनक: प्रवेश पत्रों में त्रुटियां, परीक्षा से पहले छात्र-छात्राएं हो रहे परेशान
मुरादाबाद। बोर्ड के प्रयासों के बावजूद इस बार भी प्रवेशपत्रों पर फोटो की गुणवत्ता काफी खराब है। विद्यार्थियों की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से स्कूल संचालकों को प्रवेशपत्र का वितरण सोमवार से शुरू हो गया है। इसमें तीन दिन में 200 स्कूल संचालक प्रवेशपत्र ले जा चुके हैं। पैकेट खोलने के बाद देखा कि परीक्षार्थियों के फोटो खराब हैं। स्कैनिंग खराब होने के कारण यह दिक्कत हुई है। इस संबंध में जब जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अरुण कुमार दुबे तक शिकायत पहुंची तो उन्होंने प्रधानाचार्य को ही इसका दोषी बताया। कहा कि बोर्ड के निर्देशों पर विद्यार्थियों के फोटो व नाम दोबारा जांच करने के निर्देश दिए गए थे। इसके लिए साइट भी खुली थी। बावजूद इसके सही नहीं होने पर यह समस्या आ रही हैं।

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद : 314 करोड़ से बढ़ेगा रामगंगा किनारे ग्रीन बेल्ट का दायरा

संबंधित समाचार