हल्द्वानी: समाजसेविका के बेटे को पीटा, पत्थर मारकर सिंह फोड़ा
हल्द्वानी, अमृत विचार। कूड़ा गाड़ी लेकर निकले समाजसेविका के बेटे को बुलेट सवार युवक ने कातिलाना हमलाकर दिया। पत्थर के कई वार से उसका सिर दो जगह से फाड़ दिया। गंभीर अवस्था में युवक को अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन हिरासत में लेने के बजाय आरोपी को नाम लिख कर छोड़ दिया। हालांकि अब घायल की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
फॉरेस्ट कंपाउंड निवासी भगवती देवी आशा आदर्श महिला विकास समिति की संचालिका है। उनके पति वन विभाग में सेवारत हैं, जबकि 24 वर्षीय बेटा मोहित सिंह रावत समूह ग की तैयारी कर रहा है। भगवती ने बताया कि उनकी एनजीओ शहर और ग्रामीण क्षेत्र को साफ रखने के अलावा अन्य काम भी करती है।
बीती सात फरवरी को कूड़ा वाहन चलाने वाला चालक नहीं आया। जिस पर उन्होंने बेटे मोहित को भेजा। मोहित कूड़े की गाड़ी लेकर हिल टाउन वाली गली तिकोनिया से जा रहा था। तभी मोड़ पर बुलेट संख्या यूके04 एएच 1972 पर सवार दो युवक सामने से आ गए।
आरोप है कि बुलेट सवार युवकों को लगा कि मोहित ने उनका रास्ता रोक लिया है। जिस पर बुलेट सवार एक युवक ने गाली-गलौज शुरू कर दी। मोहित ने विरोध किया तो उसे गाड़ी से उतार कर पीटना शुरू कर दिया। पास पड़ा पत्थर उठा कर मोहित के सिर पर ताबड़तोड़ हमले कर दिए, जिससे वह लहूलुहान हो गया। सूचना पाकर मौके पर पुलिस और मोहित की मां भगवती भी पहुंच गईं।
जहां से युवक को बेस ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर उसे एसटीएच रेफर कर दिया गया और अब निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। भगवती का आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी का नाम नोट कर मौके से जाने से दिया।
