अल्मोड़ा में सोलह कोरोना संक्रमित मिलने से हडक़ंप
सलौंज इंटर कालेज के नौ छात्र भी संक्रमितों में शामिल
अल्मोड़ा, अमृत विचार। सोमेश्वर के अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कालेज सलौंज के नौ छात्रों और उप जिला चिकित्सालय सोमेश्वर के अलग अलग क्षेत्र के सात लोगों के कोरोना संक्रमित होने से पूरे क्षेत्र में हडक़ंप मचा हुआ है। जबकि स्वास्थ्य विभाग के भी हाथ पांव फूले हुए हैं। सभी संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रखा गया है।
बुधवार को जीआईसी सलौंज में उपजिला चिकित्सालय के डा. आनंद नारायण तिवारी ने दौरा किया और स्कूली बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। बाद में स्वास्थ्य विभाग की टीम कोरोना संक्रमित छात्र छात्राओं के घर भी पहुंची और उनका हाल जाना।
इस दौरान सभी कोरोना संक्रमितों को उपचार से जुड़ी जानकारियां व सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी गई। जिला कोविड प्रभारी डा. कमलेश ने बताया कि सोमेश्वर क्षेत्र में एक साथ सोलह लोग रेपिड टेस्ट में कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इधर बरगला निवासी प्रकाश सिंह रावत की ओर से विद्यालय में छात्र छात्राओं को सैनिटाइजर, मास्क, अश्वगंधा, एलोवेरा का काढ़ा आदि वितरित किया गया।
डा. तिवारी ने जानकारी देते हुए कहा कि अन्य छात्रों और शिक्षकों में भी बुखार, सर्दी, जुकाम, खांसी और सिरदर्द की शिकायत बढ़ रही है। इसलिए सभी पर स्वास्थ्य विभाग की टीम नजर रखे हुए है।
राजकीय शिक्षक संघ के अध्यक्ष शंकर सिंह भैंसोड़ा ने बताया कि विद्यालय के प्रधानाचार्य चंद्रकांत तिवारी ने उच्च अधिकारियों को मामले की जानकारी दे दी है। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए अभिभावकों और शिक्षकों ने विद्यालय को बंद करने की मांग की है।
