Chitrakoot News : प्रभारी मंत्री को मुआयने में सब कुछ मिला चकाचक, जिला अस्पताल का किया औचक निरीक्षण
Chitrakoot News चित्रकूट में प्रभारी मंत्री ने जिला अस्पताल का किया निरीक्षण।
Chitrakoot News चित्रकूट में प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं की सराहना की।
चित्रकूट, अमृत विचार। प्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग राज्यमंत्री व जिला प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने बुधवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया तो उनको सब कुछ चकाचक मिला। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं की सराहना की।
जिला अस्पताल में जिला प्रभारी मंत्री ने इस दौरान सीएमएस डा. सुधीर शर्मा को निर्देश दिए कि मरीजों को किसी प्रकार की समस्या न हो। प्रभारी मंत्री ने आकस्मिक चिकित्सा वार्ड, अंतः रोगी विभाग पुरुष वार्ड, आयुष्मान वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों से बात की और फल वितरण किया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि व्यवस्थाएं अच्छी पाई गई हैं, जो सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का आदेश है कि सभी को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिया जाए। बाद में प्रभारी मंत्री ने कलेक्ट्रेट परिसर में जिले के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के माडल प्रोजेक्ट को देखा। इस मौके पर विधायक मानिकपुर अविनाश चंद्र द्विवेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, डीएम अभिषेक आनंद, सीडीओ अमृतपाल कौर, सीएमओ डा. भूपेश द्विवेदी आदि मौजूद रहे।
विधायक बोले, मुआयना हवाहवाई
गौरतलब है कि सपा के सदर विधायक अनिल प्रधान द्वारा जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर अक्सर नाराजगी जताई जाती रही है। मंत्री के मुआयने पर उन्होंने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि जिस अस्पताल में डिलीवरी की सुविधा नहीं, हड्डी आपरेशन होता नहीं। दुर्घटना के शिकार लोगों को रिफर किया जाता है। कई मौतें हो चुकी हैं। आएदिन चिकित्सकों द्वारा पैसा लिए जाने की शिकायत तीमारदारों द्वारा की जाती है।
जिस अस्पताल के संबंध में वह विधानसभा में भी मुद्दा उठा चुके हैं। जिस अस्पताल के सीएमएस की उनकी शिकायत पर जांच हो रही है. उस अस्पताल के पहले मुआयने में ही प्रभारी मंत्री ने इसे क्लीन चिट दे दी। व्यवस्थाओं की तारीफ कर दी, यह बात गले नहीं उतरती और सब हवाहवाई है।
