अयोध्या : खफा ब्राह्मणों को साधने पहुंचे मंत्री जितिन प्रसाद, पांत में बैठ किया भोजन
अमृत विचार,अयोध्या। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत के बयान से खफा ब्राह्मणों को साधने के लिए भाजपा जुट गई है। इसी कड़ी में बुधवार को यहां पहुंचे लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने भरतकुंड तपोस्थली पर समाज के लोगों के साथ जमीन पर बैठ कर भोजन किया। बताया जाता है कि विभिन्न संगठनों ने उनसे बयान को लेकर आपत्ति भी दर्ज कराई। उन्होंने बयान को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की लेकिन विभिन्न संगठनों के लोगों से एक - एक कर मुलाकात की।
बुधवार को प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने भरतकुंड के राम जानकी मंदिर पहुंचे। चाणक्य परिषद अध्यक्ष कृपा निधान तिवारी व जिला पंचायत सदस्य अंकित पांडेय ने स्वागत किया। स्वागत के बाद कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद ने अलग अलग समूहों में बैठे ब्राह्मण समाज के लोगों से खुद जाकर कर बात की। वहीं भरतकुंड मन्दिर एवं आसपास के साधु संतों और लोगों ने मंदिर परिसर के चारों तरफ परिक्रमा मार्ग बनाने का ज्ञापन दिया।
मंत्री ने तत्काल लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता हरीश प्रसाद त्रिवेदी को आवश्यक कार्यवाही करने का निर्देश दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, प्रथम महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार पांडेय खुन्नू, महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, रामभरत पांडेय, महंत राजू दास आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : सुलतानपुर : रसोइयों की पाक कला प्रतियोगिता में बच्चे देंगे नंबर
